भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने गुरुवार को कटक जिले के सदर तहसील अंतर्गत काखड़ी सर्किल में पदस्थापित राजस्व निरीक्षक (आरआई) को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जनकी रंजन मल्लिक, राजस्व निरीक्षक, काखड़ी सर्किल के रूप में हुई है।
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, मल्लिक पर एक भूमि स्वामी से म्यूटेशन (नामांतरण) प्रकरण में अनुकूल रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (आरओआर/पट्टा) जारी कराने के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांगने और स्वीकार करने का आरोप है। संबंधित भूमि स्वामी ने इस संबंध में ऑनलाइन आवेदन किया था।
विजिलेंस सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, राजस्व निरीक्षक ने म्यूटेशन मामले की सुनवाई की तिथि 27 जनवरी 2026 तय की थी और भूमि स्वामी को 20 जनवरी 2026 को अपने कार्यालय में उपस्थित होने को कहा था। जब भूमि स्वामी 20 जनवरी को कार्यालय पहुंचा, तो आरोपित आरआई ने अनुकूल रिपोर्ट देने के एवज में 10,000 की रिश्वत की मांग की। भूमि स्वामी द्वारा असमर्थता जताने के बावजूद आरोपित कथित तौर पर रिश्वत की मांग पर अड़ा रहा।
इसके बाद भूमि स्वामी ने ओडिशा विजिलेंस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर विजिलेंस की एक टीम ने जाल बिछाया और 22 जनवरी 2026 को मल्लिक को उनके कार्यालय में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई है।
ट्रैप के बाद विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) के दृष्टिकोण से आरोपित से जुड़े तीन स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है।
इस संबंध में कटक विजिलेंस थाना कांड संख्या 3/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
