Home / Odisha / ओडिशा ने दिया राष्ट्रीय संप्रभुता का मजबूत संदेश
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा ने दिया राष्ट्रीय संप्रभुता का मजबूत संदेश

  •     राज्य के 14 तटीय द्वीपों पर तिरंगा अभियान की शुरुआत

  •     उडाबाली द्वीप से हुई ऐतिहासिक शुरुआत

  •     तटीय सुरक्षा को मिलेगी अभूतपूर्व मजबूती

भुवनेश्वर। ओडिशा में राज्य के 14 तटीय द्वीपों पर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज फहराने के व्यापक और रणनीतिक अभियान के तहत भद्रक जिले के धामरा पोर्ट के समीप स्थित निर्जन उडाबाली द्वीप पर तिरंगा फहराया गया। यह पहल न केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, बल्कि समुद्री सीमाओं पर भारत की संप्रभु उपस्थिति को सशक्त रूप से दर्शाने वाला महत्वपूर्ण कदम भी है।

77वें गणतंत्र दिवस से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में ओडिशा पुलिस के महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने मध्य समुद्र में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि निर्जन तटीय द्वीपों पर तिरंगा फहराना ओडिशा पुलिस की उस अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत भूमि, समुद्र और राष्ट्रीय संप्रभुता की हर हाल में रक्षा की जाएगी।

14 द्वीप और एक संकल्प

अधिकारियों के अनुसार यह अभियान राज्य के कुल 14 निर्जन और संवेदनशील तटीय द्वीपों को कवर करेगा। उडाबाली के बाद कनिका सैंड्स, लॉन्ग व्हीलर (बाबूबली), कोकोनट व्हीलर, स्मॉल व्हीलर, न्याटापौ, बुधियाबाली, हुकितोला, कडुआपाल, धनिछड़ा, परिकुड़, नलाबाना और कालिजाई द्वीपों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इन द्वीपों पर तिरंगे की उपस्थिति भारत की समुद्री सीमाओं पर सख्त निगरानी और नियंत्रण का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

तटीय सुरक्षा को रणनीतिक मजबूती

यह अभियान तटीय क्षेत्रों में संभावित घुसपैठ, अवैध गतिविधियों और सुरक्षा खतरों को देखते हुए शुरू किया गया है। निर्जन द्वीप लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की दृष्टि में संवेदनशील रहे हैं। ऐसे में इन द्वीपों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना न केवल प्रतीकात्मक है, बल्कि यह उनकी रणनीतिक महत्ता को भी रेखांकित करता है।

प्रधानमंत्री के निर्देशों पर अमल

यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अखिल भारतीय डीजीपी एवं आईजीपी सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के अनुरूप की गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मार्गदर्शन में ओडिशा पुलिस ने इसे एक संगठित और दीर्घकालिक रणनीति के रूप में लागू किया है।

अधिकारियों का कहना है कि 14 तटीय द्वीपों पर तिरंगा फहराने का यह अभियान ओडिशा की समग्र तटीय सुरक्षा नीति का अहम स्तंभ है, जो आने वाले समय में राज्य को समुद्री सुरक्षा के लिहाज से और अधिक मजबूत बनाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …