-
अब 1,800 रुपये के बजाय 2,500 रुपये मिलेंगे
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के ग्रामीण इलाकों में कार्यरत ग्राम रक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनकी मासिक भत्ता में वृद्धि की घोषणा की है। अब ग्राम रक्षकों को पूर्व में मिल रहे 1,800 रुपये के स्थान पर 2,500 रुपये प्रतिमाह भत्ता मिलेगा।मुख्यमंत्री कार्य़ालय द्वारा यह जानकारी दी गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ग्रामरक्षकों की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह भी व्यवस्था की है कि वे सप्ताह में एक बार अपने संबंधित थाना क्षेत्र में उपस्थित होकर उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्राम रक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान और रोकथाम की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का यह निर्णय ग्राम रक्षकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा।
राज्य सरकार ने विश्वास जताया है कि भत्ते में वृद्धि से ग्राम रक्षकों की कार्यक्षमता में और सुधार आएगा तथा वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन और अधिक समर्पण के साथ कर सकेंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
