-
315 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को ओडिशा की सबसे बड़ी महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजना ‘सुभद्रा’ के तहत 4 लाख 57 हजार से अधिक लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की। यह वितरण भुवनेश्वर स्थित ओयूएटी के कृषि शिक्षा सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। इस अवसर पर 315 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, सुभद्रा योजना के अंतर्गत जिन लाभार्थियों को प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय किस्त नहीं मिल पाई थी। साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नए पंजीकृत लाभार्थियों को भी इस चरण में सहायता प्रदान की गई है।
वार्षिक 11 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सुभद्रा’ स्वतंत्रता के बाद ओडिशा की सबसे बड़ी महिला-केंद्रित योजना है, जिसके लिए वार्षिक 11 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की एक करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं को पांच वर्षों में प्रति वर्ष 10 हजार रुपये की दर से, दो किस्तों में कुल 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुभद्रा योजना ओडिशा की माताओं और बहनों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
सरकार गठन के पहले ही दिन योजना को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के गठन के पहले ही दिन इस योजना को मंत्रिमंडल की मंजूरी दी गई थी और 17 सितंबर 2024 को पहली किस्त जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भुवनेश्वर में इस योजना का शुभारंभ हुआ था। अब तक एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों को तीन किस्तों में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि हर वर्ष रक्षा बंधन और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किस्तें जारी करने की व्यवस्था की गई है।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक स्वतंत्रता महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करती है और परिवार व समाज में उनकी भूमिका को सशक्त बनाती है। सुभद्रा योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों, आदिवासी समुदायों, शहरी गरीब परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए।
चालू बजट में महिलाओं के लिए रिकॉर्ड 89,862 करोड़ का प्रावधान
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल सुभद्रा योजना तक सीमित नहीं है। चालू बजट में महिलाओं के कल्याण के लिए रिकॉर्ड 89,862 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो कुल बजट का लगभग 30 प्रतिशत है। यह राशि महिलाओं की आर्थिक मजबूती, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होगी।
सुभद्रा योजना ने आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि सुभद्रा योजना ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वयं का उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया है। सम्मान, स्वावलंबन और स्वाभिमान के लक्ष्य के साथ समृद्ध और विकसित ओडिशा के निर्माण की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच सफल सुभद्रा लाभार्थियों को सम्मानित कर उन्हें सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए। इस अवसर पर एकाम्र भुवनेश्वर विधायक बाबू सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शुभा शर्मा तथा विभागीय निदेशिका मोनिषा बनर्जी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
