Home / Odisha / ओडिशा में गुटखा-तंबाकू ना बनेंगे, ना बिकेंगे
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में गुटखा-तंबाकू ना बनेंगे, ना बिकेंगे

  •     निकोटीन युक्त सभी उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू

  •     निर्माण से बिक्री तक हर स्तर पर लगी रोक

  •     सुप्रीम कोर्ट और एफएसएसएआई के निर्देशों के अनुरूप सख्त फैसला

  •     स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अधिसूचना जारी की

भुवनेश्वर। सार्वजनिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ओडिशा सरकार ने गुटखा सहित तंबाकू और निकोटीन युक्त सभी उत्पादों पर राज्यव्यापी पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया है। इस फैसले के तहत ऐसे उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 21 जनवरी को जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की गाइडलाइंस के अनुरूप लिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कदम खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (बिक्री पर निषेध और प्रतिबंध) विनियम, 2011 की धारा 2.3.4 के अंतर्गत लागू किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार प्रतिबंध सभी प्रकार के खाद्य उत्पादों पर लागू होगा, चाहे वे चबाने योग्य हों या नहीं, स्वादयुक्त या सुगंधित हों, अथवा किसी भी तरह के एडिटिव्स या मिश्रण के साथ बेचे जाते हों। इसका उद्देश्य तंबाकू और निकोटीन को किसी भी रूप में खाद्य पदार्थों के साथ जोड़ने पर पूरी तरह रोक लगाना है।

जनस्वास्थ्य के लिए है गंभीर खतरा

राज्य सरकार ने कहा है कि तंबाकू और निकोटीन आधारित उत्पाद जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार इनके सेवन से मुंह, गले और अन्य आंतरिक अंगों के कैंसर सहित कई जानलेवा बीमारियां होती हैं। बच्चों और युवाओं पर इसका दुष्प्रभाव विशेष रूप से अधिक होता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों का स्वास्थ्य भी खतरे में पड़ जाता है।

प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने की अपील

सरकार ने नागरिकों, व्यापारियों और संबंधित संस्थानों से प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का मानना है कि यह फैसला न केवल जनस्वास्थ्य की रक्षा करेगा, बल्कि ओडिशा को तंबाकू-मुक्त राज्य बनाने की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम साबित होगा।

खबर फैलते ही कालाबाजारी तेज

गुटखा और तंबाकू-निकोटीन युक्त उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध की खबर फैलते ही कुछ असामाजिक तत्वों और मुनाफाखोरों द्वारा कालाबाजारी शुरू हो गई है। कई इलाकों से चोरी-छिपे पुराने स्टॉक को ऊंचे दामों पर खपाने की सूचनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन और प्रवर्तन एजेंसियों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं और अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …