Home / Odisha / केंदुझर में दिनदहाड़े बैंक डकैती से हड़कंप
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

केंदुझर में दिनदहाड़े बैंक डकैती से हड़कंप

  •  बड़बिल में हथियारबंद गिरोह ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र से पांच करोड़ से अधिक का सोना लूटा

बड़बिल। ओडिशा के केंदुझर जिले के खनन क्षेत्र बड़बिल में सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज बैंक डकैती ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। हथियारों से लैस बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को निशाना बनाते हुए करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिये। वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे कुछ ही मिनटों में अपराधी फरार हो गए।

ग्राहक बनकर आए, फिर निकाले हथियार

सूत्रों के अनुसार, छह हथियारबंद बदमाश पांच मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैंक पहुंचे। सभी सामान्य ग्राहकों की तरह बैंक के भीतर दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने अचानक हथियार निकाल लिए और बैंक कर्मियों को बंदूक की नोक पर ले लिया। इसके बाद लॉकर और काउंटर में रखे सोने के आभूषण तथा नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

कुछ ही मिनटों में वारदात

डकैती की पूरी घटना महज कुछ मिनटों में अंजाम दी गई। बदमाश मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर बैंकिंग कार्य तुरंत ठप हो गया और लोग दहशत में आ गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर, जांच तेज

घटना की जानकारी मिलते ही बड़बिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला पेशेवर अपराधियों द्वारा अंजाम दी गई सुनियोजित डकैती का माना जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े बैंक में इतनी बड़ी लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन क्षेत्र होने के बावजूद बड़बिल जैसे व्यस्त कस्बे में इस तरह की वारदात चिंता का विषय है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बड़बिल की इस घटना ने न सिर्फ बैंकिंग सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं, बल्कि यह भी दिखा दिया है कि अपराधी अब खुलेआम और बेखौफ होकर बड़ी वारदातों को अंजाम देने लगे हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …