Home / Odisha / ओडिशा के किसानों को मिली बड़ी राहत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा के किसानों को मिली बड़ी राहत

  •     केंद्र ने ओडिशा से 8 लाख टन चावल उठाने को दी मंजूरी

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दिया भरोसा

भवानीपाटणा। ओडिशा में धान खरीदी में कथित अव्यवस्था और देरी को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किसानों को बड़ी राहत का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि केंद्र सरकार ने ओडिशा से 8 लाख मीट्रिक टन चावल उठाने पर सहमति दे दी है, जिससे राज्य में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की सुचारु खरीदी सुनिश्चित की जा सकेगी।

रविवार शाम भवानीपाटणा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की इस सहमति के बाद राज्य सरकार किसानों से धान संग्रह की व्यापक व्यवस्था कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों की उपज खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी को भी अपनी फसल बेचने में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब राज्य के कई हिस्सों में मंडियों के देर से खुलने और तकनीकी समस्याओं को लेकर किसान सड़कों पर उतर आए हैं। विपक्षी दलों, खासकर बीजद, ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है।

किसानों का बढ़ता भरोसा, पंजीकरण में इजाफा

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों का असर जमीन पर दिखने लगा है। कलाहांडी जिले में किसानों के पंजीकरण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष जहां 1.12 लाख किसान पंजीकृत थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 1.21 लाख हो गई है। इसे उन्होंने सरकारी योजनाओं पर किसानों के बढ़ते भरोसे का संकेत बताया।

कल्याणकारी योजनाओं से बढ़ी आय

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की संयुक्त कल्याणकारी योजनाओं, इनपुट सब्सिडी और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण कार्यक्रमों के चलते एक किसान परिवार की वार्षिक आय में औसतन 71,000 रुपये की वृद्धि हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सिंचाई और कृषि से जुड़ी परियोजनाएं ओडिशा के किसानों की आर्थिक स्थिति को और मजबूत करेंगी।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …