Home / Odisha / निपाह वायरस स्थिति की समीक्षा: स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

निपाह वायरस स्थिति की समीक्षा: स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक

भुवनेश्वर, राज्य में निपाह वायरस की वर्तमान स्थिति और उससे निपटने की तैयारियों को लेकर आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त-सह-सचिव अश्वथी एस., जनस्वास्थ्य निदेशक डॉ. नीलकंठ मिश्र, स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार गुरु तथा चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशक डॉ. संतोष कुमार मिश्र उपस्थित रहे।
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. महालिंग ने बताया कि पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के मामले सामने आने के बाद ओडिशा में एहतियातन यह समीक्षा बैठक की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में फिलहाल निपाह वायरस का कोई भी संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है। सरकार पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और आम जनता से घबराने की जरूरत नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्री ने सभी सीमावर्ती जिलों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध मामलों की तत्काल पहचान और रिपोर्टिंग, अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, पीपीई किट और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोगों के बीच जागरूकता अभियान को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में राज्य की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, एहतियाती उपाय, रोग निगरानी व्यवस्था, नमूना जांच, आइसोलेशन सुविधाएं और उपचार प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में निपाह वायरस को लेकर सभी आवश्यक कदम समय रहते उठाए जा रहे हैं और जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …