-
जयदेव विहार से नंदनकानन तक एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में सड़क का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में जयदेव विहार से नंदनकानन तक 952 करोड़ की लागत वाले एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास किया, जिसमें चार फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इससे यातायात सुगम होगा।
इस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में जयदेव विहार, कलिंग हॉस्पिटल स्क्वायर, डमणा स्क्वायर और कीट स्क्वायर जैसे मुख्य जंक्शनों पर फ्लाईओवर शामिल होंगे। एक खास बात यह है कि जयदेव विहार स्क्वायर पर एक 4-लेन केबल-स्टेड ब्रिज बनाने की योजना है। पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए, कॉरिडोर के दोनों किनारों पर 22,410 पेड़ लगाए जाएंगे।
इसमें बताया गया है कि सरकार का फोकस भुवनेश्वर में पब्लिक सर्विस, ट्रैफिक मैनेजमेंट और राजधानी क्षेत्र में कुल शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर है।
“ड्राइव सेफ, कम होम सेफ” का पालन करें – सीएम
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि इन पहलों से राज्य में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित होगी और ‘समृद्ध व विकसित ओडिशा’ के लक्ष्य को गति मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से “ड्राइव सेफ, कम होम सेफ” का पालन करने का आग्रह किया।
5 महिला चालकों को वाहन की चाबियां भी सौंपीं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 5 महिला चालकों को वाहन की चाबियां भी सौंपीं। कार्यक्रम में कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और राज्यभर के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
300 सीटों वाले विधानसभा परिसर के निर्माण का भी शिलान्यास
इसके अलावा 71.13 एकड़ क्षेत्र में नए लोक सेवा भवन और 300 सीटों वाले विधानसभा परिसर के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया, जिसकी अनुमानित लागत 3,623 करोड़ है। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की कुल 6,700 करोड़ लागत की 71 परियोजनाओं का शुभारंभ किया, जिनमें 39 परियोजनाओं का शिलान्यास और 32 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
