-
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने की घोषणा
-
‘मुख्यमंत्री सड़क सुरक्षा योजना सम्मान’ की शुरुआत की
-
राज्य और देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की
-
नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान
-
राज्य सरकार का सड़क सुरक्षा के लिए चार ‘ई’ पर विशेष जोर
-
मोहन माझी ने कई पहलों की शुरुआत की
भुवनेश्वर। ओडिशा में सड़क सुरक्षा अब सुशासन का अभिन्न हिस्सा मानी जाएगी। इसके तहत आज ‘मुख्यमंत्री सड़क सुरक्षा योजना सम्मान’ की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत जिलों, शैक्षणिक संस्थानों और निजी संगठनों को सड़क सुरक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। अच्छा प्रदर्शन करने वाले जिलों को पुरस्कार मिलेगा, जबकि खराब प्रदर्शन करने वालों को जवाबदेह बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को सड़क सुरक्षा को लेकर कई पहलों की शुरुआत की और साथ ही राज्य की राजधानी के कायाकल्प से जुड़े दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने उक्त घोषणाएं की।
लोक सेवा भवन के कन्वेंशन हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य और देश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की और सभी नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा के लिए चार ‘ई’ पर विशेष जोर दे रही है-एजुकेशन (शिक्षा), एनफोर्समेंट (नियमों का सख्त पालन), इंजीनियरिंग (सड़क एवं वाहनों की बेहतर इंजीनियरिंग) और इमरजेन्सी (आपातकालीन चिकित्सा सहायता)।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दो और ‘ई’- एनवायरनमेंट (पर्यावरण) और एवालुएशन (मूल्यांकन) को भी सड़क सुरक्षा नीति में शामिल करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि वाहनों के प्रदूषण मानकों का पालन और सड़क सुरक्षा उपायों का समय-समय पर मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार किया जाएगा।
कलिंगा घाटी में सतर्कता सूचना घंटी प्रणाली का शुभारंभ
इस अवसर पर घाट सड़कों पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए कलिंगा घाटी में सतर्कता सूचना घंटी प्रणाली का शुभारंभ किया गया, जिसमें दोनों ओर से वाहनों के आने पर सायरन बजकर चेतावनी देगा। यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, जिसे सफल होने पर अन्य घाट सड़कों पर लागू किया जाएगा।
ट्विन सिटी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए समझौता
कटक-भुवनेश्वर ट्विन सिटी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए आईआईटी खड़गपुर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसकी रिपोर्ट के आधार पर दोनों शहरों की यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा।
भुवनेश्वर में 15 नए ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर में 15 नए ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। राज्य में 85 और चार्जिंग स्टेशन निर्माणाधीन हैं।
10 जिलों में 14 नए अटल बस स्टैंडों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 10 जिलों में बने 14 नए अटल बस स्टैंडों का लोकार्पण किया, जिन पर 156.53 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्य के सभी जिलों, उपखंडों, पंचायत समितियों और नगर निकायों में अटल बस स्टैंड बनाए जाएंगे।
100 नई बीएस-6 मानक बसों को भी हरी झंडी
ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम के लिए 46 करोड़ की लागत से खरीदी गई 100 नई बीएस-6 मानक बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही ‘क्लोज्ड लूप स्मार्ट ट्रांजिट कार्ड’ प्रणाली शुरू की गई, जिससे यात्री कैशलेस टिकटिंग कर सकेंगे। ब्रहमपुर में सीआरयूटी द्वारा निर्मित अत्याधुनिक बस डिपो से 25 नई ई-बसों की शुरुआत की गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
