Home / Odisha / राउरकेला के पास चार्टर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

राउरकेला के पास चार्टर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग

  •  भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा था विमान

राउरकेला/भुवनेश्वर। राउरकेला में चार्टर फ्लाइट की आपात क्रैश लैंडिंग हुई है। ओडिशा सरकार के अनुसार इंडिया वन एयर का कारवां 208 प्रकार का विमान (रजिस्ट्रेशन संख्या वीटी-केएसएस) भुवनेश्वर से राउरकेला के आज दोपहर 12:27 बजे उड़ान भरी थी। इसमें दो पायलट और चार यात्री सवार थे।

जालदा के पास कराई गई क्रैश लैंडिंग

सरकारी जानकारी के मुताबिक राउरकेला पहुंचने से लगभग 8 नॉटिकल मील पहले विमान को जालदा के पास आपात स्थिति में क्रैश लैंडिंग करानी पड़ी। पायलटों की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सकी, जिससे सभी यात्रियों और क्रू मेंबरों की जान बच गई।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और पायलटों व यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधाओं के लिए राउरकेला भेजा गया। फिलहाल तीन यात्रियों का इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो पायलट और एक यात्री राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) में उपचाराधीन हैं। सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई गई है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस, दमकल व प्रशासन मौके पर तैनात

घटना स्थल पर पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के कमांड सेंटर के निर्देश पर त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिससे सभी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

डीजीसीए और एएआईबी को दी गई सूचना

विमान हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को दे दी गई है। नियमों के अनुसार एयरलाइन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट संबंधित एजेंसियों को सौंपी जाएगी।

स्थिति पर मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री की नजर

वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के अधीन नागरिक उड्डयन निदेशालय पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जिला प्रशासन के माध्यम से यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को यात्रियों, पायलटों और एजेंसियों को हर तरह का सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

मीडिया को आगे की जानकारी दी जाएगी

प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी नए घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को समय-समय पर दी जाएगी। एयरलाइन की ओर से अलग से प्रेस नोट जारी किया जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …