Home / Odisha / ओडिशा में ठंड का कहर जारी, भुवनेश्वर-कटक को अभी राहत नहीं
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में ठंड का कहर जारी, भुवनेश्वर-कटक को अभी राहत नहीं

  •     जी उदयगिरि में फिर 2 डिग्री के आसपास तापमान

  •     22 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री से नीचे

  •     कई जिलों में शीत लहर की चेतावनी

भुवनेश्वर। ओडिशा में कड़ाके की ठंड से लोगों को अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है। राजधानी भुवनेश्वर और कटक समेत राज्य के कई हिस्सों में शीत लहर का प्रकोप जारी है और यह स्थिति शनिवार सुबह तक बने रहने की संभावना जताई गई है।

कंधमाल जिले के जी उदयगिरि में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं, पहाड़ी क्षेत्र दारिंगबाड़ी में भी ठंड का असर बेहद तीव्र रहा।

राज्य के औद्योगिक शहर राउरकेला और झारसुगुड़ा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 3.6 डिग्री और 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अब तक का रिकॉर्ड निचला स्तर बताया जा रहा है।

सामान्य से 7 डिग्री तक नीचे गिरा पारा

झारसुगुड़ा में तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री नीचे चला गया, जबकि अनुगूल में यह गिरावट 6.8 डिग्री रही। राजधानी भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री और कटक में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 5.6 और 4.9 डिग्री कम है।

22 स्थानों पर 10 डिग्री से नीचे तापमान

पिछले 24 घंटों में राज्य के 22 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। इनमें प्रमुख रूप से सेमिलीगुड़ा (4.1), फुलबाणी (5), किरेई (5.7), दारिंगबाड़ी (6), सुंदरगढ़ (6.5), नवरंगपुर (7.5), ढेंकानाल (7.6), भवानीपाटना (7.8), केंदुझर (7.9), बलांगीर (8.1), रानीताल (8.4), बारिपदा (8.6), सोनपुर (9), संबलपुर (9.2) और कोरापुट (9.5) डिग्री सेल्सियस शामिल हैं।

कई जिलों में शीत लहर की पुष्टि

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अनुगूल और झारसुगुड़ा जिलों में भीषण शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई है। वहीं कटक, खुर्दा और सुंदरगढ़ जिलों में भी शीत लहर का असर बना हुआ है।

कोइड़ा में जमी सफेद पाला

सुंदरगढ़ जिले के कोइड़ा इलाके में सुबह के समय खेतों और खुले इलाकों में सफेद पाले की मोटी परत देखी गई, जिससे ठंड की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

10 जनवरी तक चेतावनी जारी

आईएमडी ने बताया कि झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़, कटक, खुर्दा और अनुगूल जिलों के कुछ इलाकों में 10 जनवरी की सुबह तक शीत लहर की चेतावनी जारी रहेगी। इसके बाद के 24 घंटों में भी सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, अनुगूल और ढेंकानाल में इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है।

अगले दो दिन में हल्की बढ़ोतरी संभव

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद आगामी दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, हालांकि इसके बाद भी कोई बड़ी राहत के संकेत नहीं हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …