-
स्वास्थ्य विभाग और वाटको की टीमें मौके पर पहुंची
-
पानी व भोजन के नमूने जांच के लिए भेजे गए
भुवनेश्वर। ओडिशा के खुर्दा जिले के गुरुजंग स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में पीलिया फैलने से हड़कंप मच गया है। आवासीय विद्यालय में अब तक करीब 30 छात्रों के पीलिया से संक्रमित पाए जाने की पुष्टि हुई है। संक्रमित सभी छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके घर भेज दिया गया है।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले कुछ छात्रों ने सर्दी, बुखार और पीलिया जैसे लक्षणों की शिकायत की थी। इसके बाद विद्यालय में स्वास्थ्य जांच कराई गई। जवाहर नवोदय विद्यालय के उप-प्राचार्य एन. सी. चक्र ने बताया कि प्रारंभिक इलाज के बाद जिन छात्रों को घर भेजा गया था, जांच में उनके पीलिया से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद अन्य छात्रों में भी ऐसे ही लक्षण सामने आने लगे।
100 छात्रों की रिपोर्ट का इंतजार
विद्यालय सूत्रों के मुताबिक बुखार से पीड़ित करीब 100 अन्य छात्रों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। एहतियात के तौर पर इन सभी छात्रों को भी घर भेज दिया गया है। विद्यालय में कुल 569 छात्र नामांकित हैं, ऐसे में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग और वाटको ने की संयुक्त समीक्षा
पीलिया के मामलों की जानकारी मिलते ही सोमवार को सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की टीम विद्यालय पहुंची और स्थिति की समीक्षा की। संक्रमण के संभावित स्रोत का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ओडिशा जल निगम (वाटको) की विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, बीमारी के कारणों की पहचान करना और इसके आगे प्रसार को रोकना प्राथमिक लक्ष्य है। इस क्रम में वाटको अधिकारियों ने विद्यालय परिसर के 12 विभिन्न स्थानों से पानी के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है।
पानी से संक्रमण की आशंका
हालांकि प्रारंभिक तौर पर जल प्रदूषण को पीलिया फैलने का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन विद्यालय प्रशासन का कहना है कि परिसर में मौजूद ओवरहेड और भूमिगत पानी की टंकियों के नमूने पहले ही जांचे जा चुके हैं, जिनमें किसी तरह के प्रदूषण की पुष्टि नहीं हुई है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, पानी की टंकियों की पिछले वर्ष गर्मी और सर्दी की छुट्टियों के दौरान दो बार सफाई कराई गई थी।
भोजन के नमूने भी जांच में
पीलिया के प्रकोप को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भोजन के नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए हैं। इसके साथ ही छात्रों और स्टाफ को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है और आवश्यक कदम उठाकर बीमारी के प्रसार को रोका जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
