Home / Odisha / बीजद में नई सियासत, जाजपुर नेतृत्व एकजुट
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

बीजद में नई सियासत, जाजपुर नेतृत्व एकजुट

  •     भुवनेश्वर में प्रमिला मल्लिक के आवास पर जाजपुर बीजद नेताओं की हुई अहम बैठक

  •     पार्टी में फूट की अटकलों को किया खारिज, संगठन मजबूत करने पर रहा फोकस

भुवनेश्वर। पार्टी में फूट की चर्चाओं और अटकलों के बीच आज बीजद में नई सियासत देखने को मिली। जाजपुर जिले के बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को भुवनेश्वर में विधायक प्रमिला मल्लिक के आधिकारिक आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक ने हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतभेद को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच खास महत्व हासिल कर लिया। हालांकि बैठक के बाद सभी नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में पार्टी में किसी भी तरह की फूट या आंतरिक कलह से इनकार किया है।

बैठक में बीजद के वरिष्ठ नेता प्रणव प्रकाश दास, विधायक विश्वरंजन मल्लिक, पूर्व सांसद शर्मिष्ठा सेठी, पूर्व मंत्री प्रणव बालबंतराय, विधायक सुजाता साहू और बड़चना से बीजद नेता राजनारायण महापात्र सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

जाजपुर में संगठन को मजबूत करने पर चर्चा

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य उद्देश्य जाजपुर जिले में बीजद के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत करना तथा स्थानीय स्तर से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करना था। नेताओं ने कहा कि इस तरह की बैठकें पार्टी के आंतरिक समन्वय का नियमित हिस्सा हैं और इन्हें किसी भी तरह से मतभेद या टकराव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

पार्टी से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई – प्रमिला

विधायक प्रमिला मल्लिक ने अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बैठक में जिले और पार्टी से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की बैठकें पहले भी होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी। उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की फूट की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि नेताओं के बीच कोई मतभेद नहीं है और संगठनात्मक व विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए नियमित रूप से बैठकें की जाती हैं।

बयानों के बाद बढ़ी थीं अटकलें

गौरतलब है कि हाल ही में वरिष्ठ नेता प्रणव प्रकाश दास के एक बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि बीजद के भीतर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इसी बयान के बाद पार्टी में संभावित मतभेदों को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। ऐसे समय में इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि बैठक में मौजूद नेताओं ने इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह बैठक पूरी तरह भविष्य की रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने से जुड़ी थी।

कोई मतभेद नहीं, एकजुट है बीजद

नेताओं ने दोहराया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी कार्यकर्ता व नेता नवीन पटनायक के नेतृत्व में संगठन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका कहना है कि जनता का भरोसा अब भी बीजद के साथ है और संगठन को और सशक्त बनाने के लिए इस तरह की बैठकों की निरंतर आवश्यकता है। बीजद नेताओं ने साफ किया कि बैठक का उद्देश्य केवल संगठनात्मक तैयारी और समन्वय को बेहतर बनाना था और पार्टी में किसी भी तरह के आंतरिक संकट की बात पूरी तरह निराधार है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …