-
नौ मवेशियों की जिंदा जलने से मौत
-
टिहिड़ी प्रखंड के छत्रपाड़ा गांव में हुआ दर्दनाक हादसा
-
चार परिवार हुआ बेघर
भद्रक। जिले में एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। टिहिड़ी प्रखंड के नरेंद्रपुर पंचायत अंतर्गत छत्रपाड़ा गांव में देर रात अचानक लगी आग ने चार परिवारों के सात कच्चे घरों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में नौ मवेशियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका इसकी चपेट में आ गया। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकदी और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया। अचानक लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।
कारण का पता नहीं, जांच जारी
सूत्रों के मुताबिक आग देर रात लगी, लेकिन अब तक आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही गाड़ी अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पीड़ित परिवारों ने लगाई मदद की गुहार
आग से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। मवेशियों की मौत के साथ ही घर-गृहस्थी का पूरा सामान जल जाने से पीड़ित परिवारों के सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत, मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है। स्थानीय प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
