-
मुख्य आरोपी दीपक राउत को एक दिन की रिमांड पर लिया गया
-
पहली पत्नी अपर्णा प्रियदर्शिनी की संदिग्ध मौत की भी होगी गहन जांच
-
हादसा नहीं बल्कि हत्या की आशंका
भुवनेश्वर। बहुचर्चित शुभमित्रा हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी दीपक राउत को पुलिस ने एक दिन की रिमांड पर लिया है। खुंटुनी थाना पुलिस को मिली इस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
रिमांड अवधि के दौरान पुलिस दीपक राउत की पहली पत्नी अपर्णा प्रियदर्शिनी की मौत के मामले की भी गहराई से जांच करेगी। पुलिस को आशंका है कि अपर्णा की मौत महज एक सड़क हादसा नहीं थी, बल्कि इसके पीछे हत्या की साजिश हो सकती है। पूछताछ के दौरान इस पुराने मामले और वर्तमान शुभमित्रा हत्याकांड के बीच कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
हादसे की कहानी पर उठे सवाल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 17 मार्च 2002 को अपर्णा प्रियदर्शिनी ढेंकानाल से भुवनेश्वर कार से जा रही थीं। इसी दौरान खुंटुनी थाना क्षेत्र के राधाकिशोरपुर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उस समय दीपक राउत ने पुलिस को बताया था कि अपर्णा की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।
हालांकि बाद में अपर्णा के परिजनों ने इस दावे को खारिज करते हुए इसे हत्या करार दिया था। परिजनों के आरोपों के बाद मामले की दोबारा जांच शुरू की गई और तत्कालीन जांच अधिकारी तथा उस समय के थाना प्रभारी (आईआईसी) को भी जांच के दायरे में लाया गया।
लाइ डिटेक्शन टेस्ट की भी संभावना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि जरूरत पड़ी तो आरोपी दीपक राउत का लाई डिटेक्शन टेस्ट भी कराया जा सकता है। पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान की गई पूछताछ से न सिर्फ अपर्णा प्रियदर्शिनी की मौत की सच्चाई सामने आ सकती है, बल्कि शुभमित्रा हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग भी मिल सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल केस में बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
