Home / Odisha / विपक्ष का ओडिशा बंद पूरी तरह विफल : अनिल बिस्वाल

विपक्ष का ओडिशा बंद पूरी तरह विफल : अनिल बिस्वाल

  •     कहा- हिंसक व्यवहार निंदनीय

  •     जनता अब चोरों को वोट नहीं देती – भाजपा प्रवक्ता

भुवनेश्वर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अनिल बिस्वाल ने कांग्रेस और वाम दलों द्वारा आयोजित ओडिशा बंद को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि राज्य की जनता ने बंद के मुद्दों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान कुछ स्थानों पर कांग्रेस और वाम दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा आम लोगों को परेशान और भयभीत किए जाने की घटनाएं निंदनीय हैं।

बिस्वाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बंद के बावजूद पूरे ओडिशा में जनजीवन सामान्य रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल जाने वाले लोगों, बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे अभिभावकों और अन्य आम नागरिकों को रोका तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि गर्भवती महिलाओं को भी ऐसी कथित अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र बचाने का नारा देने वाली कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस तरह का हिंसक व्यवहार संविधान की किस धारा में मान्य है। बिस्वाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया बनाम भारत कुमार मामले में स्पष्ट किया था कि कोई भी राजनीतिक दल जबरन बंद लागू नहीं करा सकता।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि विपक्षी दलों को संविधान और न्यायपालिका के फैसलों के प्रति सम्मान है, तो उन्हें सुप्रीम कोर्ट के उक्त फैसले की भावना का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान सामने आए वीडियो विपक्षी कार्यकर्ताओं के व्यवहार को जनता के सामने रखते हैं और लोग इसका उचित जवाब देंगे।

बिस्वाल ने कांग्रेस और वाम दलों के चुनावी प्रदर्शन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ओडिशा में बेहद कम जनसमर्थन वाले वाम दल भी ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहे हैं, जबकि कांग्रेस 1995 के बाद से लगातार राज्य में अपना जनाधार खोती रही है।

उन्होंने कांग्रेस के एसआईआर संबंधी आरोपों पर कहा कि चुनावी हार के लिए चुनाव प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराने के बजाय पार्टी को अपने लगातार घटते जनसमर्थन पर आत्ममंथन करना चाहिए।

बिस्वाल ने कहा कि जो लोग वोट चोरी का नारा लगा रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जनता अब चोरों को वोट नहीं देती।

उन्होंने दावा किया कि ओडिशा की शांतिप्रिय जनता बंद के दौरान कथित हिंसक और अराजक व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगी।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा पर 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज

    हर नागरिक पर 27,502 रुपये का ऋण भार     मुख्यमंत्री मोहन चरण …