-
विधानसभा में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने लक्ष्य की दी जानकारी
-
अगले तीन वर्षों में राज्य के सभी गांवों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने का काम शुरू
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी गांवों को मोबाइल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। मार्च 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक गांव में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित करने सहित आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यह जानकारी इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने दी।
मंत्री ने बताया कि अगले तीन वर्षों में राज्य के सभी गांवों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने के उद्देश्य से भारतनेट फेज-3 योजना के तहत कार्य शुरू कर दिया गया है। इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के दूरसंचार विभाग और राज्य सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। परियोजना का कार्य सितंबर 2026 से प्रारंभ हो चुका है।
तीन वर्षों में 3,384 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर अगले तीन वर्षों में 3,384 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत ऑप्टिकल फाइबर और आधुनिक नेटवर्क प्रणाली के माध्यम से राज्य के सभी गांवों तक इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की योजना है।
ब्लॉक और पंचायत कार्यालय डेटा एक्सचेंज सेंटर के रूप में होंगे विकसित
परियोजना के अंतर्गत राज्य के 314 ब्लॉक कार्यालयों और पंचायत कार्यालयों को डेटा एक्सचेंज सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और डिजिटल सेवाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
सरकार का मानना है कि मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। इसके अलावा ऑनलाइन शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाना भी ग्रामीण जनता के लिए अधिक सुविधाजनक हो सकेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
