-
पुरी में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक भी स्थगित
-
29 नवंबर को प्रस्तावित थी 28वीं बैठक
-
ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होनी थी चर्चा
-
रद्द होने का कारण स्पष्ट नहीं
भुवनेश्वर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित ओडिशा दौरा रद्द हो गया है। इसके साथ ही 29 नवंबर को पुरी में आयोजित होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (ईस्टर्न जोनल काउंसिल) की 28वीं बैठक भी स्थगित कर दी गई है। बैठक रद्द होने के कारण ही गृह मंत्री का ओडिशा दौरा भी निरस्त हुआ है। हालांकि, बैठक और दौरा रद्द किए जाने के पीछे का आधिकारिक कारण अभी सामने नहीं आया है।
पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह को 28 नवंबर को ओडिशा पहुंचना था। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्हें सरकारी और पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों में भी शामिल होना था। लेकिन क्षेत्रीय परिषद की बैठक रद्द होने के बाद उनका प्रस्तावित दौरा भी रद्द कर दिया गया।
चार राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर होनी थी चर्चा
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद में ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। केंद्रीय गृह मंत्री इस परिषद के अध्यक्ष होते हैं। पुरी में प्रस्तावित बैठक का आयोजन केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय की ओर से ओडिशा सरकार के सहयोग से किया जाना था।
महिला सुरक्षा से लेकर बैंकिंग सुविधाओं तक के मुद्दे थे एजेंडे में
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा प्रस्तावित थी। इनमें महिलाओं और बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म के मामलों की त्वरित सुनवाई और निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों के क्रियान्वयन का मुद्दा प्रमुख था।
इसके अलावा गांवों से निर्धारित दूरी के भीतर बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस-112) लागू करने और विभिन्न राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय मजबूत करने पर भी विचार होना था।
बैठक के एजेंडे में पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, शहरी नियोजन और सहकारी व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े क्षेत्रीय मुद्दे भी शामिल थे।
नई तारीख को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार
बैठक और गृह मंत्री के दौरे के रद्द होने की खबर से ओडिशा के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से भी इस फैसले के संबंध में कोई औपचारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। अब पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के लिए नई तारीख घोषित होने का इंतजार किया जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
