-
बर्न इंजरी प्रबंधन और आपातकालीन देखभाल में देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
भुवनेश्वर। देश में ट्रॉमा और बर्न केयर सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर के बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग को देश का तीसरा बर्न इंजरी मैनेजमेंट एवं एनईएलएस प्रशिक्षण केंद्र चयनित किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की स्वीकृति के बाद यह चयन राष्ट्रीय ट्रॉमा एवं बर्न इंजरी रोकथाम और प्रबंधन कार्यक्रम (एनपीपीएमटीएंडबीआई) के तहत किया गया है।
यह मान्यता एम्स भुवनेश्वर की विशेषीकृत बर्न केयर सेवाओं, चिकित्सकीय उत्कृष्टता, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता निर्माण में बढ़ती विशेषज्ञता को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष संस्थान का बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग अपनी स्थापना की दसवीं वर्षगांठ मना रहा है।
पिछले एक दशक में विभाग ने व्यापक बर्न केयर सेवाओं के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है। विभाग की प्रमुख उपलब्धियों में अत्याधुनिक बर्न सेंटर की स्थापना शामिल है, जहां विशेष रूप से आग से झुलसे मरीजों के उपचार की व्यवस्था है। पूर्वी भारत के उन्नत बर्न केयर केंद्रों में शामिल इस सेंटर में मरीजों को प्राथमिक उपचार, पुनर्निर्माण सर्जरी और पुनर्वास सहित समग्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विभाग अब तक 1,500 से अधिक बर्न मरीजों का उपचार कर चुका है।
प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चयन से एम्स भुवनेश्वर की संस्थागत क्षमता, विशेषीकृत बुनियादी ढांचे और जटिल बर्न इंजरी के उपचार में विशेषज्ञता को मान्यता मिली है। यहां चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों के लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से बर्न इंजरी प्रबंधन और आपातकालीन देखभाल से जुड़े स्वास्थ्यकर्मियों के ज्ञान, चिकित्सकीय दक्षता और व्यावहारिक कौशल को बेहतर बनाया जाएगा।
एनपीपीएमटीएंडबीआई के तहत केंद्र सरकार ने देशभर में कुल 196 ट्रॉमा केयर सुविधाओं और 47 बर्न यूनिट को स्वीकृति दी है। इसका उद्देश्य ट्रॉमा और बर्न केयर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। एम्स भुवनेश्वर में शुरू होने वाली प्रशिक्षण पहल से स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ाने और बर्न इंजरी प्रबंधन एवं एनईएलएस में मानकीकृत प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।
एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ डॉ अशुतोष विश्वास ने इस उपलब्धि पर विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है। इससे विशेषीकृत स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और क्षमता निर्माण में उत्कृष्टता के प्रति एम्स की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। यह उपलब्धि संस्थान की बढ़ती क्षमताओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राथमिकताओं में उसके योगदान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि एम्स देश में ट्रॉमा और बर्न केयर सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन और विशेषीकृत उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार करने के केंद्र सरकार के प्रयासों में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ संजय कुमार गिरि ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र के रूप में चयनित होना विभाग और पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। विभाग की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर मिली यह मान्यता टीम के समर्पण और विशेषीकृत बर्न केयर सेवाओं को आगे बढ़ाने के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं और 1,500 से अधिक बर्न मरीजों के उपचार के अनुभव के आधार पर विभाग देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अपनी विशेषज्ञता साझा करेगा और कुशल स्वास्थ्य पेशेवरों के विकास में योगदान देगा।
इस संबंध में सभी राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासनों से प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए योग्य स्वास्थ्यकर्मियों को नामित करने का अनुरोध किया गया है। इस पहल से विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता निर्माण, बर्न आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी और साक्ष्य आधारित समान उपचार पद्धतियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
