Home / Odisha / ओडिशा में सिंचाई व्यवस्था की कमान संभाल रहीं महिला किसान

ओडिशा में सिंचाई व्यवस्था की कमान संभाल रहीं महिला किसान

  • जल प्रबंधन के फैसलों में बढ़ी भागीदारी

  • रेनगाली सिंचाई परियोजना के तहत 45 पानी पंचायतों से जुड़े 118 महिला हित समूह

  • जल वितरण, नहरों के रखरखाव और कृषि संबंधी निर्णयों में निभा रहीं अहम भूमिका

भुवनेश्वर। ओडिशा के रेनगाली सिंचाई परियोजना क्षेत्र में महिला किसान अब केवल खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सिंचाई व्यवस्था के प्रबंधन और जल वितरण से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) की सहायता से संचालित रेनगाली सिंचाई परियोजना के दूसरे चरण के तहत महिलाओं को पानी पंचायतों और विभिन्न सिंचाई प्रबंधन समितियों से जोड़कर नेतृत्व के अवसर दिए जा रहे हैं। इसके माध्यम से महिलाएं जल वितरण, नहरों के रखरखाव और सिंचाई संबंधी विवादों के समाधान में भागीदारी कर रही हैं।

45 पानी पंचायतों से जुड़ीं 118 महिला हित समूह

जल संसाधन विभाग की ओर से संचालित इस परियोजना का लक्ष्य ढेंकनाल, जाजपुर और केंदुझर जिलों में 39,416 हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचाई सुविधा पहुंचाना है। इसके तहत भुवन और सुकिंदा ब्लॉक में गांव स्तर पर 118 महिला हित समूहों (डब्ल्यूआईजी) का गठन किया गया है। इन्हें 45 पानी पंचायतों से जोड़ा गया है।

इन समूहों के माध्यम से महिला किसानों को सिंचाई से जुड़ी स्थानीय समस्याएं उठाने और पानी के प्रबंधन संबंधी निर्णयों में अपनी बात रखने का संस्थागत मंच मिला है। महिलाएं चक समितियों में भी भागीदारी कर रही हैं और पानी पंचायतों में निर्वाचित पदों पर जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

नेतृत्व और तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण

महिला किसानों की नेतृत्व क्षमता और तकनीकी जानकारी मजबूत करने के लिए जल संसाधन विभाग के अंतर्गत जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी), परियोजना की कृषि परियोजना प्रबंधन इकाई (एग्री-पीएमयू) के सहयोग से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

इन प्रशिक्षणों में सहभागी सिंचाई प्रबंधन, बेहतर कृषि पद्धतियों और आजीविका विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिलाओं को पानी पंचायतों के कामकाज, नहरों के संचालन एवं रखरखाव, अभिलेखों के संधारण, जल वितरण और सिंचाई विवादों के समाधान की जानकारी दी जा रही है। इसके लिए पानी पंचायत अधिनियम, 2002 और पानी पंचायत नियमावली, 2003 के प्रावधानों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

2026 से अब तक 43 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम

परियोजना के तहत वाल्मी की ओर से वर्ष 2026 से अब तक 43 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इनसे करीब 1,000 महिला किसानों और 1,300 अन्य किसानों को लाभ मिला है।

प्रशिक्षण के दौरान केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी जाती, बल्कि कमान क्षेत्र का मानचित्र तैयार करने, नहरों की निगरानी के लिए क्षेत्रीय भ्रमण और खेतों में व्यावहारिक प्रदर्शन जैसी गतिविधियां भी कराई जाती हैं। इसके अलावा महिलाओं को अन्य क्षेत्रों की सिंचाई व्यवस्था समझने के लिए अध्ययन भ्रमण पर भी ले जाया जाता है।

धान की खेती के साथ वैकल्पिक फसलों और नई तकनीकों पर जोर

परियोजना के तहत किसानों को धान की बेहतर खेती, बीज उपचार, जैविक और जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। धान के पुआल से मशरूम उत्पादन तथा दलहन, तिलहन और अन्य गैर-धान फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कृषि एवं उद्यान विभाग के विशेषज्ञ किसानों को फसल चयन, उन्नत खेती, सरकारी योजनाओं, कटाई के बाद फसलों के प्रबंधन और विपणन संबंधी जानकारी दे रहे हैं। इसके अलावा नवनियुक्त सहायक कार्यपालक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

सिंचाई प्रबंधन में महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होंगी ग्रामीण संस्थाएं

जेआईसीए की सहायता से संचालित यह परियोजना महिला किसानों को सिंचाई प्रबंधन की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ने के साथ जल संसाधनों के सामुदायिक प्रबंधन को भी मजबूती मिल रही है।

परियोजना का उद्देश्य महिला किसानों को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि सिंचाई व्यवस्था की सक्रिय नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित करना है। इससे कृषि उत्पादन, ग्रामीण आजीविका और जल संसाधनों के टिकाऊ उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

कोटिया की सुरक्षा के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग

    शून्यकाल में कांग्रेस विधायक दल के नेता ने फिर उठाया कोटिया का मुद्दा …