Home / Odisha / बोइत बंदाण उत्सव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार

बोइत बंदाण उत्सव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार

  •        ओरमास ने किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए खोले आय के नए रास्ते

  •         केले के तनों से तैयार की गईं 21 हजार पर्यावरण अनुकूल नावें

  •         40 से 50 महिलाओं को मिला रोजगार

  •         बेकार समझे जाने वाले केले के तनों से किसानों को भी हुई अतिरिक्त कमाई

भुवनेश्वर। ओडिशा के पारंपरिक बोइत बंदाण उत्सव को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका सृजन का माध्यम बनाने की दिशा में ओडिशा ग्रामीण विकास एवं विपणन सोसाइटी (ओरमास) ने एक अभिनव पहल की है। पंचायती राज एवं पेयजल विभाग के अंतर्गत संचालित ओरमास ने इस सांस्कृतिक आयोजन को ग्रामीण किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए नए बाजार अवसरों से जोड़ा है। इस पहल के तहत पारंपरिक नावों के निर्माण में पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने के साथ ग्रामीण उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस वर्ष बोइत बंदाण उत्सव के लिए केले के तनों से 21 हजार पर्यावरण अनुकूल नावें तैयार की गई हैं। नाव निर्माण के इस कार्य में चार से पांच स्वयं सहायता समूहों की 40 से 50 महिला सदस्य शामिल हुई हैं। उनके श्रम के बदले लगभग 90 हजार रुपये पारिश्रमिक निर्धारित किया गया है। इससे ग्रामीण महिलाओं को उत्सव के अवसर पर अतिरिक्त आमदनी का जरिया मिला है और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिला है।

केला किसानों को भी मिला अतिरिक्त लाभ

इस पहल से केला किसानों के लिए भी कमाई का नया अवसर तैयार हुआ है। अनुगोल जिले की क्रॉपिफाई फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के माध्यम से 350 से 400 कंदी केले का विपणन किया गया, जिससे लगभग 1.40 लाख रुपये तक की आमदनी होने का अनुमान है।

इसके अलावा, केले की कटाई के बाद अनुपयोगी समझकर छोड़ दिए जाने वाले तनों का भी इस्तेमाल किया गया है। 750 केले के पेड़ों से प्राप्त तनों को उपयोग में लाकर किसानों को उनकी आपूर्ति के बदले 7,500 रुपये की अतिरिक्त आय हुई है। अनुगोल से एकत्र किए गए इन तनों को कटक भेजा गया, जहां उनसे बोइत बंदाण उत्सव के लिए पर्यावरण अनुकूल नावें तैयार की गईं।

त्योहार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी बनें : मंत्री नायक

ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हमारे त्योहार केवल सांस्कृतिक परंपराओं की पहचान नहीं हैं, बल्कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम भी बन सकते हैं। बोइत बंदाण की गौरवशाली परंपरा को ग्रामीण उद्यमों और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़ने का ओरमास का प्रयास सराहनीय है।

किसानों और महिला समूहों को नए बाजार से जोड़ने पर जोर

ओरमास की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ मोनिका प्रियदर्शिनी ने कहा कि इस पहल के माध्यम से स्थानीय कृषि संसाधनों का उपयोगी इस्तेमाल सुनिश्चित करने के साथ किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार का नया अवसर उपलब्ध कराया गया है। ओरमास ऐसी अभिनव पहलों के जरिए ग्रामीण उत्पादकों के लिए बाजार संपर्क विकसित करने और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रखेगा।

यह पहल दर्शाती है कि पारंपरिक सांस्कृतिक आयोजनों को केवल उत्सव तक सीमित रखने के बजाय उनके माध्यम से ग्रामीण रोजगार और आय के अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। स्थानीय कृषि उत्पादों, महिला समूहों और सामुदायिक उद्यमों को उत्सव की मांग से जोड़कर ओरमास ने ग्रामीण संसाधनों के बेहतर उपयोग और टिकाऊ आजीविका की दिशा में एक नई पहल की है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

कोटिया की सुरक्षा के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग

    शून्यकाल में कांग्रेस विधायक दल के नेता ने फिर उठाया कोटिया का मुद्दा …