-
200 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
-
समारोह के आठवें दिन मारवाड़ भवन में बच्चों और महिलाओं की रही खास भागीदारी
-
आगामी 11 अक्टूबर को होगा मुख्य समारोह
-
मारवाड़ी समाज के विभिन्न संगठनों की सक्रिय सहभागिता
भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर में चल रहे 10 दिवसीय 1008वीं महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के आठवें दिन स्थानीय मारवाड़ भवन में म्यूजिकल चेयर रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खास तौर पर महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। छोटे-छोटे बच्चों में प्रतियोगिता को लेकर खास उत्साह देखने को मिला और वे पूरे आयोजन के दौरान सबसे अधिक आनंदित नजर आए।
महाराजा अग्रसेन की 1008वीं जयंती समारोह-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मारवाड़ी समाज के विभिन्न संगठनों से जुड़े परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष किशन बालोदिया ने बताया कि समारोह के तहत आयोजित सभी कार्यक्रमों में स्थानीय मारवाड़ी समाज से जुड़े लोग सपरिवार भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक साथ जोड़ना और महाराजा अग्रसेन के आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाना है।
विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता
समारोह के आयोजन में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, खुर्दा इकाई, मारवाड़ी सोसाइटी भुवनेश्वर, मारवाड़ी युवा मंच भुवनेश्वर, आपणो परिवार भुवनेश्वर, उत्कल प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन भुवनेश्वर, मारवाड़ी महिला समिति भुवनेश्वर, दादी मंडली भुवनेश्वर तथा मारवाड़ी महिला समिति नंदनकानन सहित विभिन्न संगठनों की सहभागिता है।
आयोजन समिति के चेयरमैन भाजपा ओडिशा के प्रांतीय कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल हैं। किशन बालोदिया अध्यक्ष, मुन्नालाल अग्रवाल सचिव तथा सीए अनुप अग्रवाल कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार 10 दिवसीय समारोह के प्रत्येक कार्यक्रम में समाज के लोगों का उत्साह लगातार बना हुआ है।
11 अक्टूबर को होगा मुख्य समारोह
अग्रसेन जयंती समारोह का मुख्य कार्यक्रम आगामी 11 अक्टूबर को मारवाड़ भवन में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजकों ने बताया कि मुख्य समारोह में भी मारवाड़ी समाज के बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
