-
विधानसभा में असंतोष व्यक्त किया गया
-
स्वायत्त शासन दिवस के कार्यक्रमों में विधायकों को आमंत्रित नहीं किए जाने का आरोप
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में सोमवार को बुक सर्कुलर के उल्लंघन और इसके प्रभावी अनुपालन नहीं होने का मुद्दा उठा। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रमों में विधायकों को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है और उद्घाटन पट्टिकाओं पर भी उनके नाम दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। इसको लेकर सदन में असंतोष व्यक्त किया गया।
विधायक सत्यजीत गमांगो ने स्वायत्त शासन दिवस के कार्यक्रमों में विधायकों को आमंत्रित नहीं किए जाने और उद्घाटन पट्टिकाओं पर उनके नाम नहीं लिखे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने इसे बुक सर्कुलर के प्रावधानों की अनदेखी बताते हुए चिंता जताई।
विधायिका सोफिया फिरदौस ने भी विभिन्न सरकारी कार्यालयों को पत्र लिखने के बावजूद अधिकारियों की ओर से जवाब नहीं दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब नहीं मिलना चिंता का विषय है।
वहीं, विपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने भी बुक सर्कुलर के उचित अनुपालन नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस सर्कुलर को सही ढंग से लागू नहीं कर सकती, तो इसे वापस ले लेना चाहिए। अन्यथा इसके प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
