Home / Odisha / भीममंडली इको हेरिटेज पर्यटन स्थल का होगा विकास

भीममंडली इको हेरिटेज पर्यटन स्थल का होगा विकास

  • 22 करोड़ रुपये से अधिक मंजूर

  •  धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

  • पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की तैयारी

  •  इंटरप्रिटेशन सेंटर और व्यू प्वाइंट सहित कई सुविधाएं होंगी विकसित

भुवनेश्वर। ओडिशा के संबलपुर जिले के रेढ़ाखोल स्थित भीममंडली इको हेरिटेज पर्यटन स्थल के विकास के लिए राज्य सरकार ने 22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है। इस पहल से प्रकृति और विरासत के अनूठे संगम वाले इस पर्यटन स्थल को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस जानकारी को साझा करते हुए राज्य सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तथा उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री प्रवती परिडा के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इस परियोजना के तहत पर्यटकों की सुविधा के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर, व्यू प्वाइंट, सौर ऊर्जा प्रणाली और शौचालय सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही परियोजना के निर्माण के बाद पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई है।

इस विकास परियोजना के पूरा होने से पर्यटक बेहतर सुविधाओं के साथ भीममंडली की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्ता का आनंद उठा सकेंगे। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन आधारित कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

धर्मेंद्र प्रधान ने विश्वास जताया कि यह पहल स्थानीय निवासियों और कारोबारियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ ओडिशा की समृद्ध प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

शहीद लक्ष्मण नायक का बलिदान और संघर्ष गाथा प्रेरणा का प्रतीक : मनमोहन

 शहीद लक्ष्मण नायक की 127वीं जयंती पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि भुवनेश्वर। …