Home / Odisha / नवीन ने विदेशी यात्राओं की जांच के आदेश के बाद तोड़ी चुप्पी

नवीन ने विदेशी यात्राओं की जांच के आदेश के बाद तोड़ी चुप्पी

  •    मोहन माझी की सरकार पर पलटवार किया

  •     कहा-सभी विदेश यात्राएं सरकारी नियमों के तहत हुईं

  •     2022 से 2024 के बीच विदेश यात्राओं की जांच के मुख्यमंत्री के आदेश को बताया निराधार

  •     बोले- आरोपों का उचित जवाब दिया जाएगा

भुवनेश्वर। ओडिशा में पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक की विदेश यात्राओं को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की ओर से वर्ष 2022 से 2024 के बीच नवीन पटनायक, पूर्व आईएएस अधिकारी वीके पांडियन और आईपीएस अधिकारी रवि कांत की विदेश यात्राओं की जांच के आदेश के बाद नवीन पटनायक ने सरकार पर पलटवार किया है। उन्होंने इन यात्राओं को लेकर लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताते हुए कहा कि सभी यात्राएं सरकारी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत की गई थीं।

विधानसभा परिसर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में नवीन पटनायक ने कहा कि उन्होंने ओडिशा के हितों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बहुत सीमित विदेश यात्राएं की थीं। उनकी और उनके सहयोगियों की यात्राओं को लेकर कुछ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों का उचित जवाब दिया जाएगा।

इटली, जापान और सिंगापुर की यात्राओं पर उठे सवाल

नवीन पटनायक ने स्पष्ट किया कि उनकी विदेश यात्राएं सरकारी कार्यक्रमों का हिस्सा थीं। इनमें इटली की यात्रा भी शामिल थी, जहां उन्होंने विश्व खाद्य कार्यक्रम के एक आयोजन को संबोधित किया था और पोप फ्रांसिस से मुलाकात की थी। इसके अलावा जापान और सिंगापुर की यात्रा का उद्देश्य ओडिशा में निवेश आकर्षित करना था। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सभी यात्राओं में निर्धारित सरकारी नियमों का पालन किया गया था।

मुख्यमंत्री के आदेश पर होगी विदेश यात्राओं के खर्च की जांच

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 21 नवंबर को इन विदेश यात्राओं की जांच का आदेश दिया था। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ताओं की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है।

शिकायतों में इटली, जापान, सिंगापुर और अन्य संबंधित विदेशी गंतव्यों की यात्राओं पर हुए खर्च का ब्योरा संदिग्ध, अपारदर्शी और अधूरा होने का आरोप लगाया गया है। विशेष रूप से चार्टर्ड विमानों, महंगे होटलों में ठहरने और यात्रा खर्च से संबंधित अधूरे रिकॉर्ड को लेकर सवाल उठाए गए हैं।

पंचायत चुनाव टलने की संभावना पर भी बोले नवीन

नवीन पटनायक ने ओडिशा में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। राजस्थान के हालिया ग्रामीण निकाय चुनावों में भाजपा के खराब प्रदर्शन और कांग्रेस की जिला परिषदों तथा पंचायत समितियों में बढ़त को लेकर जब उनसे पूछा गया कि क्या ओडिशा की भाजपा सरकार पंचायत चुनाव टाल सकती है, तो उन्होंने इसकी संभावना से इनकार नहीं किया।

उन्होंने राजस्थान में भाजपा के खराब प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा हो सकता है। विपक्षी दलों बीजद और कांग्रेस का आरोप है कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार सर्वेक्षण या मतदाता सूची में संशोधन जैसे कारणों का हवाला देकर पंचायत चुनाव टालने की कोशिश कर सकती है। ओडिशा में पंचायत चुनाव वर्ष 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मार्च 2027 तक ओडिशा के सभी गांव मोबाइल नेटवर्क से जुड़ेंगे

    विधानसभा में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री मुकेश महालिंग ने लक्ष्य की दी …