-
उपमुख्यमंत्री के विदेश दौरे का मुद्दा उठाया
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा का सत्र जारी रहने के दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों की अनुपस्थिति को लेकर बीजद विधायक गणेश्वर बेहरा ने सोमवार को शून्यकाल में राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उत्सवों और समारोहों में व्यस्त है, जबकि उसे आम जनता की समस्याओं और परेशानियों को समझने की फुर्सत नहीं है।
बेहरा ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सदन की पहली पंक्ति को देखने से ही मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों की अनुपस्थिति स्पष्ट हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा का सत्र चल रहा है, तब सरकार के प्रमुख पदों पर बैठे लोगों का सदन से अनुपस्थित रहना कितना उचित है।
उपमुख्यमंत्री के विदेश दौरे का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि विधानसभा सत्र के दौरान विदेश जाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से अनुमति ली गई है या नहीं। यदि अनुमति दी गई है, तो भी उनके विचार में यह उचित नहीं है।
बीजद विधायक ने कहा कि जब राज्य विभिन्न प्रकार की आपदाओं और संकटों का सामना कर रहा है, तब सरकार को जनता के साथ खड़ा रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को जनता की सरकार बताने वाली सरकार संकट के समय लोगों के साथ दिखाई नहीं दे रही है।
बेहरा ने उपमुख्यमंत्री के विभाग से जुड़े कर्मचारियों के आंदोलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक ओर विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री विदेश दौरे पर हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
