-
प्रमिला मल्लिक ने उपमुख्यमंत्री के विदेश दौरे पर उठाए सवाल
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में सोमवार को शून्यकाल के दौरान विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सड़कों पर धरना दे रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मल्लिक ने आरोप लगाया कि पोषण योजना के तहत पिछले छह महीने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राशि नहीं मिली है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा का सत्र चल रहा है और राज्य में कई समस्याएं मौजूद हैं, तब ऐसी कौन-सी आपात स्थिति उत्पन्न हो गई कि उपमुख्यमंत्री को विदेश दौरे पर जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि राज्य में विभिन्न समस्याएं बनी हुई हैं। ऐसे समय में सरकार के मंत्रियों को विदेश दौरे से बचना चाहिए। उन्होंने इस परंपरा को बंद करने की मांग करते हुए कहा कि जब राज्य की जनता कई तरह की परेशानियों से जूझ रही है, तब मंत्रियों को विदेश यात्राओं का आनंद लेने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।
मल्लिक ने सवाल किया कि आखिर उपमुख्यमंत्री के लिए विदेश जाना इतना जरूरी क्यों हो गया था। उन्होंने कहा कि राज्य की समस्याओं के बीच मंत्रियों का विदेश दौरा करना उचित नहीं है और इस परंपरा पर रोक लगनी चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
