Home / Odisha / कोटिया से 58 उम्मीदवारों ने आंध्र प्रदेश पंचायत चुनाव में भरा पर्चा

कोटिया से 58 उम्मीदवारों ने आंध्र प्रदेश पंचायत चुनाव में भरा पर्चा

  •     प्रशासन की सख्ती और पुलिस की निगरानी के बावजूद उठाया कदम

  •     12 सरपंच और 46 वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी

  •     2 दिसंबर को होगा मतदान

  •     बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने से कोरापुट जिला प्रशासन की चिंता बढ़ी

कोरापुट। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे कोटिया सीमा विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। ओडिशा के विवादित कोटिया क्षेत्र से आंध्र प्रदेश के पंचायत चुनाव में कुल 58 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। आगामी 2 दिसंबर को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। इसके बाद जारी आंकड़ों के अनुसार, 12 उम्मीदवार सरपंच पद के लिए और 46 उम्मीदवार वार्ड सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। ओडिशा प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल होने से कोरापुट जिला प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

तीन पंचायतों में बांटे गए 21 विवादित गांव

आंध्र प्रदेश प्रशासन ने कोटिया के 21 विवादित गांवों को तीन पंचायतों गंजेईपदर, फातुसिनेरी और फागुनासिनेरी में विभाजित किया है। वहीं, शेष बस्तियों को कुरुकुटी और सारिकी पंचायतों में शामिल किया गया है। जानकारी के अनुसार, गंजेईपदर पंचायत के उम्मीदवारों ने आंध्र प्रदेश के थोनम में अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि फातुसिनेरी और फागुनासिनेरी पंचायतों के उम्मीदवारों ने मावुडी पंचायत में नामांकन पत्र जमा किए।

पंचायतों के वार्डों का भी पुनर्गठन

पंचायतों के वार्डों का भी पुनर्गठन किया गया है। गंजेईपदर पंचायत में 10 वार्ड बनाए गए हैं, जबकि फातुसिनेरी और फागुनासिनेरी पंचायतों में आठ-आठ वार्ड हैं।

फातुसिनेरी में सबसे अधिक उम्मीदवार

तीनों पंचायतों में दाखिल नामांकन के आंकड़ों के अनुसार, फातुसिनेरी में सरपंच पद के लिए छह और वार्ड सदस्य पद के लिए 25 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है। इसी तरह फागुनासिनेरी में सरपंच पद के लिए तीन और वार्ड सदस्य पद के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में हैं। गंजेईपदर में सरपंच पद के लिए तीन तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।

दोनों राज्यों के बीच बढ़ा प्रशासनिक तनाव

कोटिया क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों के बीच ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच तनाव भी बढ़ गया है। हाल ही में ओडिशा पुलिस ने फागुनासिनेरी गांव से आंध्र प्रदेश के दो कथित एजेंटों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई पर सालूर की विधायक और आंध्र प्रदेश की आदिवासी कल्याण मंत्री गुम्मड़ी संध्या रानी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ओडिशा पर जानबूझकर हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था।

सूत्रों के अनुसार, ओडिशा की सुरक्षा व्यवस्था के जवाब में आंध्र प्रदेश प्रशासन और पुलिस ने भी 2 दिसंबर के चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी रणनीति तैयार की है।

ओडिशा प्रशासन ने तेज किया जागरूकता अभियान

दूसरी ओर, कोटिया क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के पंचायत चुनाव को रोकने के उद्देश्य से कोरापुट जिला प्रशासन और पुलिस ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पिछले दो दिनों से मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और प्रखंड प्रशासन की संयुक्त टीम सीमावर्ती गांवों का दौरा कर रही है।

इस टीम ने नेरिडिवलसा, फातुसिनेरी, फागुनासिनेरी, तालसेम्बी, उपरासेम्बी और गंजेईपदर सहित कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों को जागरूक किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को फर्जी मतदान, दोनों राज्यों के चुनावों में दोहरा मतदान करने तथा आधार कार्ड का दुरुपयोग करने से बचने की सलाह दी।

अब सबकी नजर मतदान पर टिकी

कोटिया क्षेत्र में 58 उम्मीदवारों के नामांकन के बाद अब सबकी नजर 2 दिसंबर को होने वाले मतदान पर टिकी है। यह चुनाव केवल पंचायत प्रतिनिधियों के चयन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच लंबे समय से जारी सीमा एवं प्रशासनिक अधिकारों के विवाद की एक नई परीक्षा बन गया है।

Share this news

About desk

Check Also

बोइत बंदाण उत्सव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार

       ओरमास ने किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए खोले आय …