-
उत्तर और पश्चिम में तेज बारिश-आंधी का अलर्ट
-
बिहार से तेलंगाना तक बनी द्रोणिका का असर
-
सुंदरगढ़-झारसुगुड़ा समेत चार जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
भुवनेश्वर। उत्तर-पूर्वी बिहार से तेलंगाना तक बनी द्रोणिका के प्रभाव से ओडिशा में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक डॉ संजीव द्विवेदी के अनुसार द्रोणिका झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है और समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर से 1.6 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच सक्रिय है। इसके प्रभाव से कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़ और संबलपुर में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, देवगढ़, अनुगोल, ढेंकानाल, केंदुझर और मयूरभंज में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। मौसम का प्रभाव खास तौर पर उत्तर और पश्चिमी ओडिशा में अधिक व्यापक रहने की संभावना जताई गई है।
मानसून की विदाई के बीच भी सक्रिय मौसम प्रणाली
दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य से धीरे-धीरे विदाई की ओर है, लेकिन द्रोणिका और उससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ओडिशा के मौसम को अभी भी अस्थिर बनाए हुए है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन के तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है। दिन में गर्मी और रात के समय उमस का असर महसूस होगा। हालांकि कुछ स्थानों पर अचानक होने वाली बारिश से थोड़े समय के लिए तापमान में गिरावट भी आ सकती है।
आकाशीय बिजली से बचने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा जलाशयों और अन्य जलस्रोतों से दूर रहने की सलाह दी गई है। बिजली से चलने वाले उपकरणों के इस्तेमाल में भी सावधानी बरतने को कहा गया है। किसानों को खुले खेतों में काम करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। डॉ. द्विवेदी ने कहा कि आने वाले दिनों में मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर भी लगातार पूर्वानुमान जारी किए जा रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
