Home / Odisha / ओडिशा में नशे के खिलाफ 10 अक्टूबर से विशेष अभियान

ओडिशा में नशे के खिलाफ 10 अक्टूबर से विशेष अभियान

  •     आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने दिए राज्यव्यापी कार्रवाई तेज करने के निर्देश

  •     31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष प्रवर्तन अभियान

 भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ व्यापक कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है। कानून, लोक निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बुधवार को राज्यभर के जिला आबकारी अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय ऑनलाइन समीक्षा बैठक की और 10 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान नशे की तस्करी पर रहेगी विशेष नजर

मंत्री ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और इससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों का खतरा बढ़ सकता है। इसे देखते हुए सभी जिलों में छापेमारी और निगरानी अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। आबकारी अधिकारियों को स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया है।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के लक्ष्य और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की राज्य प्राथमिकताओं के अनुरूप चलाया जाएगा। अभियान के दौरान खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाएगी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।

आदतन अपराधियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता

पृथ्वीराज हरिचंदन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नशे का कारोबार करने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार किए बिना कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन और कारोबार लोगों का जीवन बर्बाद करने के साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। नशामुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आबकारी विभाग को शून्य सहनशीलता की नीति के साथ काम करना होगा।

अदालत में दोषसिद्धि बढ़ाने पर भी जोर

समीक्षा बैठक में केवल छापेमारी और गिरफ्तारी तक सीमित रहने के बजाय मामलों में दोषसिद्धि की दर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छापेमारी के दौरान ठोस और कानूनी रूप से मजबूत साक्ष्य जुटाए जाएं, ताकि अदालतों में मामलों को मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।

मंत्री ने मौजूदा अवधि में विभाग के बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिकारियों की सराहना भी की। बैठक में बताया गया कि विभाग ने वर्तमान संचालन अवधि में 95 प्रतिशत एमजीईआर यानी मासिक वृद्धि दर/लक्ष्य प्राप्ति दर्ज की है।

आबकारी आयुक्त ने रखा जिलावार कार्रवाई का ब्योरा

बैठक के दौरान आबकारी आयुक्त पी अन्वेषा रेड्डी ने जिलावार प्रवर्तन कार्रवाई की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसमें हाल की जब्ती, वाहनों की जब्ती और गिरफ्तारियों से संबंधित आंकड़े शामिल थे। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त रुद्र नारायण मोहंती, विभिन्न जोन के प्रमुख तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।

राज्य सरकार के इस विशेष अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के साथ नशे से जुड़े अपराधों पर भी अंकुश लगाना है।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा पर 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज

    हर नागरिक पर 27,502 रुपये का ऋण भार     मुख्यमंत्री मोहन चरण …