-
दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा, रावण दहन, विसर्जन समारोह को लेकर मुख्यमंत्री का फैसला
-
रेंट में यह छूट 17 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक प्रभावी
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आगामी त्योहारी मौसम को देखते हुए भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) क्षेत्र में दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा, रावण दहन, विसर्जन समारोह तथा इनसे जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाली पूजा समितियों का ग्राउंड रेंट माफ करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने यह निर्णय इन पर्वों के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व तथा त्योहारी मौसम में आम लोगों के उत्साह को ध्यान में रखते हुए लिया है।
सरकार के अनुसार, ग्राउंड रेंट में यह छूट 17 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान बीएमसी क्षेत्र में संबंधित पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री माझी ने सभी पूजा समितियों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से पूजा समारोहों का आयोजन करें। उन्होंने आयोजकों से पर्यावरण अनुकूल तरीके अपनाने तथा पर्वों के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने का भी आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय से राजधानी भुवनेश्वर में आगामी पर्वों के दौरान पूजा समितियों को आयोजन संबंधी खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
