-
समुद्र तट, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और तटीय समुदायों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के समुद्र तट, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और तटीय समुदायों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा का समुद्र तट केवल रेत और समुद्र का विस्तार नहीं, बल्कि राज्य की पहचान, विरासत और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है।
अंतरराष्ट्रीय तटीय स्वच्छता दिवस के अवसर पर सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरी और गोपालपुर के पवित्र समुद्र तटों से लेकर भितरकनिका के मैंग्रोव और ओलिव रिडले कछुओं के प्रजनन स्थलों तक, ओडिशा का समुद्री तट पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं, स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है।
समुद्र केवल ‘समुद्र’ नहीं, ‘संस्कृति’ का अभिन्न अंग
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के लोगों के लिए समुद्र केवल ‘समुद्र’ नहीं, बल्कि उनकी ‘संस्कृति’ का अभिन्न अंग है। उन्होंने महोदधि को भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि का साक्षी बताते हुए कहा कि यह प्रकृति, आस्था और जीवनशैली के साथ ओडिशा के लोगों के सदियों पुराने संबंध का प्रतीक है।
तट की कहानी सबसे बढ़कर वहां रहने वाले लोगों की कहानी
माझी ने कहा कि ओडिशा के तट की कहानी सबसे बढ़कर वहां रहने वाले लोगों की कहानी है। पीढ़ियों से मछुआरे, नाविक, किसान, महिलाएं, युवा और असंख्य तटीय परिवार महोदधि के साथ जीवन जीते आए हैं और अपनी आजीविका के लिए समुद्र पर निर्भर रहे हैं।
समुद्र तटों के संरक्षण ब्लू इकोनॉमी से जुड़ा विषय
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे तटों की रक्षा केवल समुद्र तटों के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आजीविका, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र और हमारी ब्लू इकोनॉमी के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ और सतत भारत के ‘जन भागीदारी’ आधारित दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के नेतृत्व में चलाया जा रहा ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ अभियान नागरिकों, युवाओं और तटीय समुदायों को एकजुट कर समुद्र तटों और महासागरों के संरक्षण की दिशा में काम कर रहा है।
सशक्त ब्लू इकोनॉमी निर्माण के लिए प्रयास करने की अपील
अंतरराष्ट्रीय तटीय स्वच्छता दिवस पर मुख्यमंत्री ने लोगों से समुद्र के साथ अपने गहरे संबंध को साझा जिम्मेदारी में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने ओडिशा के समुद्र तटों को स्वच्छ, महासागरों को स्वस्थ और तटीय समुदायों को सुरक्षित बनाए रखने के साथ-साथ एक सशक्त ब्लू इकोनॉमी के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज की सामूहिक पहल ओडिशा के समुद्र के साथ सदियों पुराने संबंध को सतत भविष्य तक ले जाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए तटीय विरासत को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
