Home / Odisha / मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा, ओडिशा के 8 श्रद्धालुओं की मौत

मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा, ओडिशा के 8 श्रद्धालुओं की मौत

  •   उफनते नाले में बह गई कार

  •  मृतकों में तीन बच्चे और दो महिलाएं

  •  मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जताया गहरा शोक

भुवनेश्वर। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में बारिश के कारण उफन रहे नाले को पार करने की कोशिश में एक कार बह गई। इस दर्दनाक हादसे में ओडिशा के आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। हादसा नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ओडिशा से आए श्रद्धालु उज्जैन से नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के बाद उफन रहे नाले को कार चालक ने पार करने का प्रयास किया। पानी का तेज बहाव कार को अपने साथ बहा ले गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक ने पानी का बहाव बढ़ने के बावजूद जल्दबाजी में नाला पार करने की कोशिश की। रात में अचानक बढ़ा पानी क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई थी। इसके चलते नाले में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया और रात के समय बहाव बेहद तेज हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद पानी में डूबी मारुति सुजुकी एस-प्रेसो को खोज निकाला गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और बचाव दल ने वाहन से मृतकों को बाहर निकाला। आगर-मालवा के पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री माझी ने जताया शोक हादसे की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक प्रशासनिक, चिकित्सकीय और कानूनी प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर मृतकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ ओडिशा लाने की व्यवस्था की जाए। बारिश के मौसम में तीर्थस्थलों और ग्रामीण इलाकों में उफनते नालों तथा जलधाराओं को पार करने के दौरान सुरक्षा को लेकर यह हादसा गंभीर चेतावनी भी माना जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो में सफल भागीदारी के बाद भुवनेश्वर लौटे मुख्यमंत्री

    स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने किया स्वागत     नवीकरणीय ऊर्जा निवेश को …