-
1,500 करोड़ रुपये का निवेश, रोजगार सृजन से लेकर वैश्विक पर्यटन तक होंगे दूरगामी प्रभाव
भुवनेश्वर, पुरी में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश से प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल ओडिशा के पर्यटन, व्यापार और अर्थव्यवस्था के लिए दूरगामी बदलाव का आधार बनेगा। इससे न केवल पुरी को अंतरराष्ट्रीय समुद्री पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि होटल उद्योग, परिवहन, हस्तशिल्प, स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों का भी व्यापक विस्तार होगा। भाजपा के राज्य मीडिया संयोजक सुजीत दास ने इसे ओडिशा के विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य की आर्थिक संभावनाओं को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
सुजीत दास ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल के निर्माण से दुनिया के विभिन्न देशों के बड़े क्रूज जहाज सीधे पुरी पहुंच सकेंगे। इससे विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और पुरी के साथ-साथ आसपास के पर्यटन स्थलों को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्तरां, टैक्सी, स्थानीय परिवहन, हस्तशिल्प और छोटे व्यापारियों के कारोबार में वृद्धि होगी। पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का प्रभाव केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ओडिशा की अर्थव्यवस्था को बहुआयामी मजबूती मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से राज्य में निवेश की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। पुरी को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने से स्थानीय व्यवसायों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
दास ने कहा कि ओडिशा का समुद्री इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। प्राचीन काल में ओडिशा के साधव पुत्र जावा, सुमात्रा और बोर्नियो जैसे देशों तक समुद्री व्यापार करते थे। अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल राज्य की इसी समुद्री विरासत को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने केंद्र सरकार की ‘क्रूज भारत मिशन’ और ‘तटीय माल परिवहन प्रोत्साहन योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से साढ़े पांच लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने और 1.6 करोड़ मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सुजीत दास ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में पर्यटन बुनियादी ढांचे का विकास और आधुनिकीकरण तेजी से आगे बढ़ रहा है। पुरी का अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल विकसित भारत-2047 और समृद्ध ओडिशा-2036 के संकल्प को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
