-
ओडिशा में चक्रवात के बाद की स्थिति पर की चर्चा
-
राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा और आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर दिया जोर
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच ओडिशा में चक्रवात के बाद उत्पन्न स्थिति, राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों तथा भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित करने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ राज्य में चक्रवात के बाद की स्थिति और प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही, आपदाओं के प्रभाव को कम करने और राज्य के बुनियादी ढांचे को अधिक आपदा प्रतिरोधी बनाने की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने ओडिशा को लगातार सहयोग प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान केंद्र का सहयोग राज्य में राहत, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं की बहाली के प्रयासों को मजबूती प्रदान करता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
