-
पुनर्बहाली और सुरक्षा तैयारियों के मद्देनजर जिला शिक्षा कार्यालय का आदेश
-
शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को संस्थानों में उपस्थित रहने का निर्देश
ब्रह्मपुर। चक्रवात अर्णव के कारण हुई भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित गंजाम जिले में पुनर्बहाली कार्य तथा सुरक्षा तैयारियों को देखते हुए सभी स्कूल 7 नवंबर तक बंद रहेंगे। जिला शिक्षा कार्यालय, गंजाम (ब्रह्मपुर) की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले के प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक के सभी शैक्षणिक संस्थान, चाहे वे किसी भी प्रबंधन के अधीन हों, इस अवधि में बंद रहेंगे।
हालांकि, स्कूल बंद रहने के बावजूद सभी शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को अपने-अपने संस्थानों में उपस्थित रहने तथा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
फसल और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन
इधर, चक्रवात और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की आठ सदस्यीय टीम ने बुधवार को गंजाम जिले के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव रविशंकर के नेतृत्व में पहुंची इस टीम ने कृषि और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का जायजा लिया। इससे एक दिन पहले टीम ने पड़ोसी गजपति जिले के प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया था।
कटाई के करीब पहुंची धान की फसल को भारी नुकसान
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम के सदस्यों ने खेतों में जाकर कटाई के करीब पहुंच चुकी धान की फसल को हुए नुकसान का आकलन किया। टीम ने चक्रवात और उसके बाद आई बाढ़ से प्रभावित किसानों से भी बातचीत की तथा उनकी फसल और आर्थिक नुकसान की जानकारी ली।
केंद्रीय टीम के इस दौरे का उद्देश्य प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक नुकसान का आकलन कर राहत और पुनर्वास से जुड़े प्रयासों के लिए आवश्यक जानकारी जुटाना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
