-
तीन दिवसीय निवेश अभियान में 52 बैठकें, 8 एमओयू और 16 निवेश प्रस्ताव
-
8.95 लाख रोजगार की संभावित राह खुली
-
तीन दिवसीय उच्चस्तरीय निवेश संपर्क अभियान का सफल समापन
दुबई/भुवनेश्वर। ओडिशा ने संयुक्त अरब अमीरात में तीन दिवसीय उच्चस्तरीय निवेश संपर्क अभियान का सफल समापन करते हुए वैश्विक निवेश, तकनीक, विनिर्माण, व्यापार और निर्यात के क्षेत्र में बड़ी संभावनाओं का रास्ता खोला है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में आबू धाबी और दुबई में हुए व्यापक निवेश संपर्क कार्यक्रम के दौरान कुल 46 एक-से-एक बैठकें और छह राउंडटेबल बैठकें, यानी कुल 52 व्यावसायिक बैठकें हुईं। इनमें करीब 160 निवेशकों और प्रतिनिधियों ने राउंडटेबल चर्चाओं में भाग लिया। अभियान के दौरान 8 समझौता ज्ञापन (एमओयू) और 16 निवेश रुचि प्रस्ताव (आईआईएफ) प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों से कुल 2,43,162 करोड़ रुपये के संभावित निवेश और 6,18,725 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार की संभावना जताई गई है।
इन परियोजनाओं के निर्माण चरण के दौरान अगले पांच वर्षों में अतिरिक्त 2,77,000 रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इस प्रकार प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष और निर्माण अवधि में मिलने वाले रोजगार को मिलाकर यूएई निवेश संपर्क अभियान से कुल 8,95,725 रोजगार के अवसरों की संभावित क्षमता सामने आई है।
800 से अधिक ओड़िया ने मुख्यमंत्री का किया भव्य स्वागत
तीन दिवसीय अभियान के अंतिम चरण में दुबई में ओडिशा इन्वेस्टर्स मीट–यूएई 2026 का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 400 कारोबारी नेताओं, निवेशकों और यूएई के व्यापारिक समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान ओडिशा ने निवेशकों के सामने राज्य में उद्योग स्थापित करने और मौजूदा कारोबार के विस्तार के अवसरों को प्रस्तुत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दुबई में रहने वाले ओड़िया प्रवासियों से मुलाकात की। 800 से अधिक ओड़िया लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक ओडिसी और पारंपरिक लोकनृत्यों के माध्यम से दिखाई गई। पारंपरिक ओड़िया व्यंजनों ने भी आयोजन में घर-गांव की खुशबू और अपनापन जोड़ दिया।
ओड़िया समुदाय के मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव की सराहना
ओड़िया समुदाय के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए अपने अनुभव, आकांक्षाएं और विचार साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री की यूएई यात्रा और समुदाय के साथ उनके संवाद पर खुशी और गर्व व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने यूएई में रह रहे ओड़िया समुदाय के मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव की सराहना करते हुए विदेश में ओड़िया भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि प्रवासी ओड़िया समुदाय राज्य की वैश्विक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ निवेश, उद्यमिता, व्यापार और विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में ओडिशा के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के उत्पादों को भी प्रदर्शित किया गया, जिससे स्थानीय उत्पादों और जिलों में उभर रही उद्यमिता को अंतरराष्ट्रीय मंच मिला।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
