Home / Odisha / सरकारी खरीद में अब आईएसआई चिह्न वाले उत्पादों को प्राथमिकता

सरकारी खरीद में अब आईएसआई चिह्न वाले उत्पादों को प्राथमिकता

  •     मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में मानकीकरण समिति की बैठक

  •     गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने सरकारी खरीद में गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को जहां लागू हो, आईएसआई चिह्न वाले उत्पादों की खरीद और उपयोग को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। यह निर्णय लोक सेवा भवन में मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में हुई तीसरी राज्य स्तरीय मानकीकरण समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में सरकारी परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक सेवाओं में भारतीय मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

सरकारी धन से खरीदे जाने वाले सामान की गुणवत्ता पर जोर

बैठक में सरकारी खरीद प्रक्रिया को मानकीकृत करने को विशेष महत्व दिया गया। सभी विभागों को अपनी खरीद संबंधी दिशा-निर्देशों में भारतीय मानकों को शामिल करने और उनके अनुपालन को सुनिश्चित करने की सलाह दी गई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी धन से खरीदे जाने वाले उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता के मानकों पर खरे उतरें।

अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक खरीद में गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। जहां भी लागू हो, आईएसआई चिह्न वाले उत्पादों का उपयोग अनिवार्य किए जाने से सरकारी बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं को सुरक्षित, विश्वसनीय और टिकाऊ बनाने में मदद मिलेगी।

ओडिशा में बनेगा आधुनिक बीआईएस कार्यालय-सह-प्रयोगशाला

गुणवत्ता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ओडिशा में अत्याधुनिक भारतीय मानक ब्यूरो कार्यालय-सह-प्रयोगशाला परिसर स्थापित करने की योजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। इसके साथ ही राज्य में मौजूदा जांच और परीक्षण सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि सरकारी विभागों और निजी उद्यमों के लिए उत्पादों की गुणवत्ता की जांच और सत्यापन अधिक तेज और सुगम हो सके।

अधिकारियों को दिया जाएगा मानकीकृत खरीद का प्रशिक्षण

सरकार की कार्ययोजना के तहत सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को मानकीकृत खरीद प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विभागों में भारतीय मानकों के अनुरूप खरीद प्रक्रिया लागू करने और गुणवत्ता मानकों की निगरानी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

बीआईएस केयर ऐप से उपभोक्ता कर सकेंगे उत्पादों की जांच

उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाने के लिए बीआ0ईएस केयर ऐप के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिक आईएसआई चिह्न वाले उत्पादों की प्रामाणिकता की जांच कर सकेंगे। साथ ही हॉलमार्क वाले सोने के आभूषणों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।

स्कूलों में मजबूत किए जाएंगे मानक क्लब

गुणवत्ता के प्रति जागरूकता को शुरुआती स्तर से विकसित करने के लिए स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में मानक क्लबों को मजबूत करने की योजना बनाई गई है। इसके जरिए विद्यार्थियों को उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और भारतीय मानकों के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।

ओडिशा सरकार और भारतीय मानक ब्यूरो के संयुक्त प्रयासों से राज्य में सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, सार्वजनिक धन के बेहतर उपयोग और उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक मजबूत मानकीकरण व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …