Home / Odisha / नौ सितंबर से ओडिशा में फिर तेज होगी बारिश
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

नौ सितंबर से ओडिशा में फिर तेज होगी बारिश

  •     फिर बन सकता है नए निम्न का दबाव

  •     10 से 12 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण की संभावना

  •     उत्तर ओडिशा के तीन जिलों में पीली चेतावनी

भुवनेश्वर। ओडिशा में फिलहाल बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आई है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 8 सितंबर से राज्य में बारिश फिर सक्रिय होने लगेगी और 9 सितंबर से कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस बीच 10 से 12 सितंबर के दौरान बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी हिस्से में नया चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना जताई गई है, जो आगे चलकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने इसके प्रभाव से उत्तर ओडिशा और आसपास के झारखंड क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई है।

9 और 10 सितंबर को तीन जिलों में पीली चेतावनी

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ संजीव द्विवेदी के अनुसार वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा श्रीगंगानगर से मध्य प्रदेश होते हुए त्रिपुरा तक बनी हुई है। मध्य भारत के हिस्से में सक्रिय निम्न दबाव का ओडिशा पर फिलहाल सीधा प्रभाव नहीं है। ऐसे में 8 सितंबर तक राज्य में बहुत तेज बारिश की संभावना कम है। हालांकि 9 सितंबर से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 9 और 10 सितंबर को केंदुझर, मयूरभंज और सुंदरगढ़ जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।

15 सितंबर तक डिप डिप्रेशन की संभावना

मौसम विशेषज्ञ डॉ. शरत साहू के अनुसार 10 से 12 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी हिस्से में नया चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके 15 सितंबर के आसपास निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है। परिस्थितियां अनुकूल रहने पर यह सिस्टम आगे चलकर डिप्रेशन या डिप डिप्रेशन में भी मजबूत हो सकता है। हालांकि इसकी दिशा और ओडिशा पर वास्तविक प्रभाव का स्पष्ट आकलन परिसंचरण बनने के बाद ही किया जा सकेगा।

8 सितंबर से गरज-चमक और तेज हवाओं का असर

मौसम विभाग ने 8 सितंबर से ओडिशा में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 सितंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और पूर्वी ओडिशा के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर भी चेतावनी दी गई है।

9 से 12 सितंबर तक इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

9 से 12 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। बालेश्वर, मयूरभंज, केंदुझर और आसपास के जिलों में इसका प्रभाव अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, गंजाम, पुरी और खोर्धा समेत कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

वहीं पश्चिमी और दक्षिणी ओडिशा के कालाहांडी, कोरापुट, मलकानगिरी, नबरंगपुर और बलांगीर जैसे जिलों में इस मौसम प्रणाली का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

इस मानसून में अब तक 25 प्रतिशत अधिक बारिश

बारिश में फिलहाल आई कमी के बावजूद ओडिशा में इस मानसून सीजन में अब तक अच्छी बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से राज्य में आठ अलग-अलग निम्न दबाव प्रणालियां सक्रिय हो चुकी हैं। इनके प्रभाव से राज्य में इस अवधि के सामान्य औसत की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने के बाद उत्तर ओडिशा में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …