Home / Odisha / शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान

  •  तीन साल में भरे जाएंगे 45 हजार शिक्षक पद

  • कटक सेकेंडरी बोर्ड हाईस्कूल में शिक्षक दिवस समारोह में हुए शामिल

  • मोहन माझी ने छात्रों से किया संवाद

  •  सोशल मीडिया से दूर रहकर पढ़ाई और करियर पर ध्यान देने की दी सलाह

कटक। शिक्षक दिवस के अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शिक्षा क्षेत्र को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए अगले तीन वर्षों में 45 हजार शिक्षक पदों को भरने की घोषणा की। कटक सेकेंडरी बोर्ड हाईस्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में शामिल मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, आकांक्षाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

माझी ने शनिवार को छात्रों से सोशल मीडिया पर अधिक समय बर्बाद न करने और भ्रामक प्रचार से प्रभावित हुए बिना पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने करियर निर्माण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी के रूप में अच्छी शिक्षा प्राप्त करना, कौशल हासिल करना और अपने साथ-साथ देश के विकास में योगदान देना छात्रों की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से करियर निर्माण में बाधा डालने वाली गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया।

शिक्षक-छात्र संबंध मित्रवत एवं सहज होना चाहिए

मुख्यमंत्री ने शिक्षक-छात्र संबंधों को लेकर कहा कि वर्तमान समय में यह रिश्ता और अधिक मित्रवत एवं सहज होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता तथा गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के निर्माण की एक महान प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निरंतर निभाते आ रहे हैं।

डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की

शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा को अद्वितीय बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से लेकर चंद्रगुप्त मौर्य और स्वामी विवेकानंद तक महान व्यक्तित्वों के जीवन निर्माण में गुरु की भूमिका निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में भी ‘मिसाइल मैन’ डॉ एपीजे अब्दुल कलाम देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचने के बावजूद स्वयं को सबसे पहले एक शिक्षक के रूप में पहचान देने में गौरव महसूस करते थे।

 ‘केजी से पीजी’ तक निःशुल्क शिक्षा

राज्य की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा देश का पहला राज्य है, जिसने शिशु वाटिका से स्नातकोत्तर स्तर तक शिक्षा को सार्वभौमिक रूप से निःशुल्क किया है।

उन्होंने बताया कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,200 विश्वस्तरीय ‘गोदावरिश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालयों’ का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व-प्राथमिक बच्चों के लिए 45,000 शिशु वाटिका केंद्र खोले गए हैं।

अन्य योजनाओं को बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन और पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था की गई है। आदिवासी विद्यार्थियों के लिए ‘शहीद माधो सिंह हाथ खर्च योजना’ भी संचालित की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि अगले तीन वर्षों में राज्य में 45,000 शिक्षक पदों को भरा जाएगा।

‘पंचसखा शिक्षा सेतु’ की सराहना

मुख्यमंत्री ने विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित ‘पंचसखा शिक्षा सेतु’ के माध्यम से पूर्व छात्रों को विद्यालयों से जोड़कर किए जा रहे समग्र विद्यालय रूपांतरण की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि कटक सेकेंडरी बोर्ड हाईस्कूल अपने पूर्व छात्रों, पूर्व विधायक ललितेंदु विद्याधर महापात्र और पूर्व वित्त मंत्री पंचानन कानूनगो जैसी विभूतियों के कारण गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं।

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के ज्ञान, छात्रों की प्रतिभा, पूर्व छात्रों के अनुभव और आम जनता के सामूहिक सहयोग से एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर ओडिशा के निर्माण का आह्वान किया।

पांच शिक्षकों को किया सम्मानित

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवा तथा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए अशोक कुमार शतपथी, कुमुदिनी जी, शकुंतला मोहंती, दैतारी साहू और जयंती माझी को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने में इन आदर्श शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यक्रम में महांगा विधायक सारदा प्रसाद प्रधान, कटक सदर विधायक इंजीनियर प्रकाश चंद्र सेठी, चौद्वार-कटक विधायक सौविक विश्वाल, बांकी विधायक देवी रंजन त्रिपाठी, विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के आयुक्त-सह-शासन सचिव डॉ एन तिरुमाला नायक, कटक जिलाधिकारी दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे, माध्यमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष श्रीकांत तराई, सेकेंडरी बोर्ड स्कूल के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार शतपथी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और पूर्व छात्र उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …