-
80वें स्वतंत्रता दिवस पर संजय लाठ ने फहराया राष्ट्रीय तिरंगा
भुवनेश्वर। स्थानीय मारवाड़ भवन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सोसायटी भुवनेश्वर की ओर से राष्ट्रीय पर्व समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सुबह 9 बजे मारवाड़ी सोसायटी भुवनेश्वर के अध्यक्ष संजय लाठ ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ तथा उपस्थित लोगों ने जय हिंद के नारे लगाए।
अपने संबोधन में संजय लाठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है और जेन-जी की भारतीय राजनीति एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी इसका महत्वपूर्ण संकेत है।
उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समाज के सभी घटक संगठनों के युवाओं को भी अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना चाहिए और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक, आर्थिक और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करते हुए एक विकसित, सशक्त और संगठित मारवाड़ी समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में मारवाड़ी समाज के अनेक बुजुर्गों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मारवाड़ी महिला समिति भुवनेश्वर की अध्यक्ष मंजु अग्रवाल, मारवाड़ी युवा मंच भुवनेश्वर के अध्यक्ष विनीथ अग्रवाल सहित विभिन्न घटक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
