Home / Odisha / ओडिशा में ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

ओडिशा में ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

  •     एक करोड़ से अधिक युवाओं ने ली शपथ

भुवनेश्वर। ओडिशा में ‘नशामुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया, जिसमें एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस राष्ट्रीय अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से भाग लेते हुए युवाओं को संबोधित किया।

स्थानीय कलिंग स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ हरिबाबू कंभमपाटी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तथा खेल एवं युवा मामलों के मंत्री सूर्यवंशी सूरज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में भागीदारी की। इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा दें – राज्यपाल

राज्यपाल ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का प्रमुख आधार बताते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल, फिटनेस, योग, संस्कार और समाजसेवा नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी विकल्प हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर खेल मैदान और कक्षाओं को अपनाएं तथा अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा दें। राज्यपाल ने यह भी कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से नशामुक्त समाज का निर्माण संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्वयं युवाओं को आगे आना होगा।

सरकार ओडिशा को नशामुक्त बनाने को संकल्पित – मोहन

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने संबोधन में घोषणा की कि यह अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि अगले 100 सप्ताह यानी लगभग दो वर्षों तक चलने वाला एक व्यापक जन-आंदोलन होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओडिशा को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में ‘जेन जी’ और युवा शक्ति की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि नशा आज केवल स्वास्थ्य समस्या नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। यह युवाओं की शारीरिक और मानसिक क्षमता को कमजोर करने के साथ-साथ परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करता है।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति

मुख्यमंत्री ने राज्य में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने की बात दोहराई। उन्होंने बताया कि जुलाई 2024 से जून 2026 के बीच ओडिशा पुलिस ने करीब 1,911 करोड़ रुपये मूल्य की 63,720 एकड़ अवैध गांजा खेती को नष्ट किया है। इसके अलावा 2,576 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3,699 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 2,106 करोड़ रुपये मूल्य का 432 टन गांजा जब्त किया गया।

नशाग्रस्त लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी फोकस

उन्होंने कहा कि सरकार केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि नशाग्रस्त लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए भी ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …