Home / Odisha / बाढ़ प्रभावित ओडिशा को केंद्र से 500 करोड़ रुपये की राहत

बाढ़ प्रभावित ओडिशा को केंद्र से 500 करोड़ रुपये की राहत

  •     मुख्यमंत्री माझी ने जताया प्रधानमंत्री मोदी का आभार

  •     एसडीआरएफ की दूसरी किस्त अग्रिम जारी

  •     राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को मिलेगी गति

  •    प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने में मिलेगी मदद

भुवनेश्वर। बाढ़ की गंभीर स्थिति से जूझ रहे ओडिशा को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत देते हुए राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) में वर्ष 2026-27 के लिए केंद्रीय अंश की दूसरी किस्त के रूप में 500 करोड़ रुपये अग्रिम जारी करने की मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इसकी जानकारी देते हुए इसे बाढ़ की वर्तमान स्थिति में राज्य के लिए समय पर मिली महत्वपूर्ण सहायता बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अतिरिक्त राशि से राज्य में चल रहे बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों को और मजबूती मिलेगी। इससे प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन बहाल करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

उन्होंने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार ने ओडिशा के लोगों के साथ मजबूती से खड़े होने का परिचय दिया है।

इस मानसून में बाढ़ की गंभीर स्थिति

राज्य में लगातार हुई भारी बारिश के कारण इस मानसून में बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है। बैतरणी सहित कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बाढ़ से राज्य के विभिन्न जिलों में करीब आठ लाख लोग प्रभावित हुए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया है, जबकि विभिन्न स्थानों पर निःशुल्क भोजन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।

तटबंध टूटने से स्थिति और गंभीर हुई

जाजपुर सहित कई इलाकों में तटबंध टूटने से स्थिति और गंभीर हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) तथा राज्य की अन्य बचाव एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, एसडीआरएफ की दूसरी किस्त का अग्रिम आवंटन ऐसे समय किया गया है, जब राज्य में राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं। इस राशि का उपयोग आवश्यक राहत सामग्री, अस्थायी आश्रय, भोजन, चिकित्सा सुविधा और क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचनाओं की शीघ्र बहाली के लिए किया जाएगा।

कई जिलों में अभी भी भारी बारिश की संभावना

इस बीच भारतीय मौसम विभाग द्वारा कई जिलों में अभी भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में केंद्र से मिली यह अतिरिक्त सहायता राज्य सरकार के राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री स्वयं राहत कार्यों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं और प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक शीघ्र सहायता पहुंचाई जाए।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …