-
ओडिशा में दोबारा बढ़ सकती है बारिश
-
आईएमडी का पूर्वानुमान: मौजूदा डिप्रेशन ओडिशा से दूर हुआ, अगस्त के दूसरे सप्ताह के मध्य में नया मौसम तंत्र बनने की संभावना
भुवनेश्वर। हालिया डिप्रेशन से हुई भारी बारिश और बाढ़ से उबर रहे ओडिशा के लिए एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने विस्तारित पूर्वानुमान में बताया है कि अगस्त के पहले पखवाड़े में बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक नया मौसम तंत्र विकसित हो सकता है।
आईएमडी के अनुसार, 31 जुलाई से 6 अगस्त के बीच सप्ताह के अंत तथा 7 से 13 अगस्त के शुरुआती दिनों में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगस्त के दूसरे सप्ताह के मध्य में एक निम्न दबाव का क्षेत्र का क्षेत्र विकसित हो सकता है।
यदि यह प्रणाली बनती है तो ओडिशा सहित पूर्वी भारत के कई राज्यों में एक बार फिर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, इसकी तीव्रता और किन-किन क्षेत्रों पर इसका अधिक प्रभाव पड़ेगा, यह मौसम तंत्र के विकसित होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस बीच, आईएमडी ने बताया कि ओडिशा में भारी बारिश का कारण बना मौजूदा डिप्रेशन अब राज्य से दूर होकर शुक्रवार सुबह मध्य विदर्भ और उससे सटे दक्षिण मध्य प्रदेश के ऊपर केंद्रित था। अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
गौरतलब है कि हाल की भारी बारिश और बाढ़ से ओडिशा के कई जिले अभी भी जलभराव और बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हैं। ऐसे में संभावित नए निम्न दबाव का क्षेत्र के गठन पर मौसम विभाग और राज्य प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
