-
अगले 24 घंटों में और अधिक मजबूत होकर डिप डिप्रेशन में होगा तब्दील
-
ओडिशा में अगले 48 घंटे के दौरान होगी भारी बारिश
-
आईएमडी ने तटीय व उत्तरी जिलों के लिए चेतावनी जारी की
-
मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
-
पिछले 24 घंटे में ओडिशा में सर्वाधिक वर्षा
भुवनेश्वर। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार सुबह 8:30 बजे डिप्रेशन में परिवर्तित हो गया। उस समय यह प्रणाली 20.6 डिग्री उत्तर अक्षांश और 88.4 डिग्री पूर्व देशांतर के पास स्थित थी। इसका केंद्र सागर द्वीप से लगभग 130 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, दीघा से 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चांदबाली से 170 किलोमीटर पूर्व तथा बालासोर से 180 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था।
यह डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में और अधिक मजबूत होकर डिप डिप्रेशन में बदल सकता है। इसके 27 जुलाई की पूर्वाह्न अथवा दोपहर के आसपास पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तर ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तट को पार करने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में डिप्रेशन (डिप्रेशन) बनने के बाद ओडिशा में अगले 48 घंटों के दौरान व्यापक वर्षा और कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा के तटीय और उत्तरी जिलों में व्यापक वर्षा होगी। तट के निकट पहुंचने के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ने, तेज़ झोंकेदार हवाएं चलने तथा समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
जगतसिंहपुर के बिरिड़ी में 328 मिमी बारिश
बंगाल की उत्तर-पश्चिम खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव प्रणाली के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश हुई। जगतसिंहपुर जिले के बिरिड़ी में सर्वाधिक 328 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही। यह आंकड़ा रविवार सुबह 8:30 बजे तक के पिछले 24 घंटों का है।
आठ अन्य स्थानों पर भी 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के आठ अन्य स्थानों पर भी 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इनमें संबलपुर जिले के जुजुमुरा में 275.4 मिमी, नकटीदेउल में 145 मिमी, रेढ़ाखोल में 129 मिमी, खुर्दा जिले के बालिपाटणा में 125 मिमी, संबलपुर के बटगांव में 120 मिमी, बरगढ़ के गैसिलेट में 114 मिमी, झारबंध में 112 मिमी, केंद्रापड़ा के राजकनिका और राजनगर में 108-108 मिमी तथा जाजपुर के बारी में 100 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पुरी के काकटपुर में 99 मिमी
इसके अलावा पुरी के काकटपुर में 99 मिमी, अनुगोल और बरगढ़ के बीजेपुर में 96-96 मिमी, सोनपुर में 95.2 मिमी, भद्रक के तिहिड़ी में 92 मिमी, बौध के कांतामाल और बलांगीर के अगलपुर में 91-91 मिमी, जगतसिंहपुर में 90.4 मिमी, सोनपुर के डूंगुरिपाली में 90 मिमी, भद्रक के बरपाली और बलांगीर में 87-87 मिमी, जगतसिंहपुर के बालिकुड़ा और केंद्रापड़ा में 85-85 मिमी, पुरी के गोप में 85 मिमी, केंद्रापड़ा के पट्टामुंडई में 83 मिमी, पुरी के पिपिलि में 82.2 मिमी तथा सोनपुर के उल्लुंडा में 82 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ जैसी परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को जलभराव, स्थानीय बाढ़ और अन्य संभावित जोखिमों से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
