-
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश
-
दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की सहायता
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 24 जुलाई को होने वाली भगवान श्रीजगन्नाथ की बाहुड़ा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए लोक सेवा भवन में उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा वास्तविक समय में सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए, ताकि बाहुड़ा यात्रा और आगामी सभी अनुष्ठान सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से श्रद्धालुओं की भीड़ की निगरानी करने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी को कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम से जोड़ने तथा किसी भी संभावित स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील
उन्होंने श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की अपील की। साथ ही, रथयात्रा के दौरान प्रतिकूल मौसम के बावजूद सेवायतों, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए गए समर्पित कार्य की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों पर फोकस
बैठक में बताया गया कि अब तक रथयात्रा के सभी प्रमुख अनुष्ठान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाहुड़ा यात्रा, सुनावेश और नीलाद्रि बिजे जैसे आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान भी अधिकारियों को इसी सतर्कता, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
दो श्रद्धालुओं की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने शोक जताया
रथयात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कारणों से दो श्रद्धालुओं की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक परिवार को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
बैठक में श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक डॉ अरविंद पाढ़ी, पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया, अग्निशमन सेवा महानिदेशक डॉ सुधांशु षाड़ंगी तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सौमेंद्र प्रियदर्शी ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर विधि एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रकाश मिश्र, मुख्य सचिव अनु गर्ग तथा विकास आयुक्त डीके सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
