Home / Odisha / खाद संकट पर बीजद का सरकार पर हमला

खाद संकट पर बीजद का सरकार पर हमला

  •     कहा-डबल इंजन नहीं, किसानों के लिए ट्रबल इंजन बनी भाजपा सरकार

  •     कालाबाजारी रोकने और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग

भुवनेश्वर। ओडिशा में खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कथित कमी को लेकर विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अरुण साहूअतनु सब्यसाची नायक और संजय दासवर्मा ने सरकार पर किसानों की जरूरतों की अनदेखी करने तथा समय पर खाद उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया।

मीडिया से बातचीत में अरुण साहू ने कहा कि भाजपा का ‘डबल इंजन’ का नारा अब किसानों के लिए ‘ट्रबल इंजन’ साबित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लगभग 39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती होती है, जिसके लिए करीब 11.43 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन अब तक केवल 1.81 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की ही आपूर्ति की गई है।

उर्वरकों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में उर्वरकों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है। सहकारी समितियों के माध्यम से 45 किलोग्राम यूरिया की बोरी 270 रुपये में उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन खुले बाजार में यही बोरी 600 रुपये तक में बेची जा रही है। साहू ने यह भी सवाल उठाया कि पारादीप फॉस्फेट्स लिमिटेड (पीपीएल), इफको और तालचेर संयंत्र में उत्पादित उर्वरकों को ओडिशा के बजाय अन्य राज्यों में क्यों भेजा जा रहा है।

जटिल (कॉम्प्लेक्स) उर्वरकों का उपयोग व्यावहारिक नहीं

अतनु सब्यसाची नायक ने कहा कि यूरिया के स्थान पर जटिल (कॉम्प्लेक्स) उर्वरकों का उपयोग व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने बताया कि यूरिया में 46 प्रतिशत नाइट्रोजन होती है, जबकि कॉम्प्लेक्स उर्वरकों में यह मात्रा केवल 21 प्रतिशत होती है। उन्होंने कृषि और सहकारिता विभागों के बीच समन्वय की कमी का भी आरोप लगाया।

खाद के लिए रातभर कतारों में खड़े रहने को मजबूर

संजय दासवर्मा ने कहा कि सुंदरगढ़, बरगढ़, सोनपुर, कलाहांडी और नवरंगपुर सहित कई जिलों में किसान खाद पाने के लिए रातभर सहकारी समितियों के बाहर कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से इस कथित खाद संकट पर तत्काल आपात बैठक बुलाने की मांग की।

बीजद ने मांग की कि पारादीप के उर्वरक संयंत्रों में उत्पादित खाद को सबसे पहले ओडिशा के किसानों के लिए उपलब्ध कराया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …