Home / Odisha / कोविड-19 को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील

कोविड-19 को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील

  •      अफवाहों से बचें, सतर्क रहें, लेकिन घबराएं नहीं : स्वास्थ्य मंत्री

  •     उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा

  •     कहा- किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार

भुवनेश्वर। कोविड-19 को लेकर फैल रही चर्चाओं और अफवाहों के बीच ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने राज्यवासियों से सतर्क रहने, लेकिन किसी भी प्रकार की अफवाह से भयभीत न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और राज्य सरकार किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

बुधवार को लोक सेवा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ महालिंग ने राज्य में कोविड-19 से संबंधित तैयारियों और आवश्यक एहतियाती उपायों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए हुए है तथा परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें

स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से प्रभावित न हों। उन्होंने नागरिकों से सतर्क रहने, स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय में लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि संयम और सतर्कता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया बैठक में भाग

बैठक में स्वास्थ्य सचिव अश्वथी एस, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की निदेशक बृंदा डी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की तैयारियों, निगरानी तंत्र और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत रखने पर सरकार का जोर

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि वह न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठा रही है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें और किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा करने या उस पर विश्वास करने से बचें।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …