Home / Odisha / मुख्यमंत्री ने दो वर्षीय विधायी कार्यकाल पर आधारित दो पुस्तकों का किया विमोचन

मुख्यमंत्री ने दो वर्षीय विधायी कार्यकाल पर आधारित दो पुस्तकों का किया विमोचन

  •     दो वर्षों के दौरान सदन की कार्यप्रणाली, विधायी उपलब्धियों और संस्थागत सुधार हैं रेखांकित

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी के दो वर्षीय संवैधानिक एवं विधायी कार्यकाल पर आधारित दो पुस्तकों का विमोचन किया। यह कार्यक्रम ओडिशा विधानसभा परिसर में आयोजित किया गया।

विमोचित पुस्तकों के शीर्षक हैं “प्रेसिडिंग विद पर्पस–टू ईयर्स लेजिस्लेटिव जर्नी ऑफ स्पीकर सुरमा पाढ़ी” तथा  “टू ईयर्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेटिव लीडरशिप अंडर स्पीकर सुरमा पाढ़ी”। इन पुस्तकों में विधानसभा अध्यक्ष के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों के दौरान सदन की कार्यप्रणाली, विधायी उपलब्धियों और संस्थागत सुधारों को रेखांकित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा परिसर में अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी केंद्र का भी उद्घाटन किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की पहल पर स्थापित यह केंद्र वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, उनके परिजनों तथा ओडिशा विधानसभा के सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। विशेष रूप से वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के लिए यह केंद्र अत्यंत लाभकारी माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पिछले दो वर्षों में विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण्ण रखते हुए पूरी विधायी प्रक्रिया का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ये दोनों पुस्तकें न केवल ओडिशा की लोकतांत्रिक यात्रा का महत्वपूर्ण दस्तावेज बनेंगी, बल्कि भविष्य में शोधकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और युवाओं के लिए भी मार्गदर्शक साबित होंगी।

मुख्यमंत्री ने नवस्थापित फिजियोथेरेपी केंद्र को जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए ओडिशा विधानसभा सचिवालय और अनुसंधान प्रकोष्ठ की सराहना की। उन्होंने इस पहल से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई भी दी। कार्यक्रम में विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो में सफल भागीदारी के बाद भुवनेश्वर लौटे मुख्यमंत्री

    स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने किया स्वागत     नवीकरणीय ऊर्जा निवेश को …